Ranchi:बर्तन चमकाने का झांसा देकर 1.25 लाख के जेवरात लेकर फरार हुए ठग

 

राँची।बर्तन चमकाने के नाम पर गहने लेकर फरार होने वाले ठग एक बार फिर राँची में सक्रिय हो गए है। ताजा मामला तुपुदाना ओपी क्षेत्र के चाणक्यपुरी मेहंदी बागान का है। इस संबंध में ओम प्रकाश सिंह ने दो अज्ञात ठगों के विरुद्ध तुपुदाना ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 29 फरवरी की सुबह 11.40 बजे बाइक पर दो युवक आए। उनमें से एक हेलमेट पहने हुए था वहीं दूसरा मास्क लगाए हुए था। दोनों युवकों ने पहले कहा कि वे तांबा व पीतल के बर्तन साफ करते है। कोई भी पुराना बर्तन हो उसे नया बना देते है। पहले बर्तन साफ कर दोनों ने दिखाया। फिर ओम प्रकाश सिंह की मां को कहा कि वे सोने के जेवरात भी चमकाते है। दोनों ने उन्हें झांसे में लेकर उनका एक जोड़ा कान की बाली, मंगलसूत्र का लॉकेट, पिता जी की अंगूठी ले लिया और उसे चमकाने के लिए एक केमिकल में डाला। फिर कुछ बहाने से उन्हें गर्म पानी लाने के लिए कहा और उनके जेवरात लेकर दोनों फरार हो गए। जेवरात की कीमत 1.25 लाख रुपए थे। ओम प्रकाश सिंह ने पुलिस को उनके बाइक का नंबर भी दिया है जिससे वे दोनों आए थे। बाइक का नंबर बीआर10यू8609 था। पुलिस उक्त बाइक के आधार पर दोनों की तलाश कर रही है। हालांकि उनके बारे में अभी कोई सुराग नहीं मिला है।