कांटाटोली में रहने वाली युवती के संदिग्ध मौत मामले में तीन के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज

 

–गुमला की रहने वाली रंथी कुमारी तिग्गा ने अपनी भतीजी की हत्या का लगाया आरोप, कहा उसके पेट, होठ और घुटने पर थे चोट के निशान,राँची में कार्तिक उरांव कॉलेज में करती थी पढ़ाई

राँची।युवती की संदिग्ध मौत मामले में लोअर बाजार थाना में तीन के विरुद्ध हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज हुई है। गुमला घाघरा की रहने वाली रंथी कुमारी तिग्गा ने अपनी भतीजी राजपति की हत्या का आरोप लगाते हुए तीन अनिता तिवारी, प्रिंस कुमार तिवारी और अनुप्रिया तिवारी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में आरोप है कि बासुदेव नगर कांटाटोली की रहने वाली अनिता तिवारी के बेटी अनुप्रिया तिवारी से उनकी भतीजी राजपति की मुलाकात कार्तिक उरांव कॉलेज में पढ़ाई के दौरान हुई थी। कुछ दिन बाद दोनों में दोस्ती हो गई। अनुप्रिया ने राजपति को कहा कि उसकी माँ की तबियत खराब रहती है। उसकी देखभाल करने व मेरे घर के काम में हाथ बंटाने के लिए तुम साथ रहो। राजपति राजी हो गई। दो साल तक सबकुछ ठीक चला। लेकिन उसके बाद उन लोगो को राजपति के प्रति व्यवहार बदल गया और उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। राजपति ने इसकी जानकारी अपने चाचा सत्येंद्र भगत को 20 जनवरी को दी थी। उसने कहा था ये लोग अच्छे इंसान नहीं है। फिर वह अनुप्रिया के घर से वापस अपने चाचा के घर आ गई थी। लेकिन अगले ही दिन अनुप्रिया के भाई प्रिंस तिवारी ने उसे बार बार फोन कर वापस अपने घर बुला लिया। 22 फरवरी को राजपति के चाचा सत्येंद्र भगत को फोन कर अनिता तिवारी ने बताया की राजपति बेहोश हो गई है। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब ये लोग सदर अस्पताल पहुंचे तो पाया कि राजपति मृत अस्पताल में पड़ी हुई थी। उसके होठ, पेट और घुटने में चोट के निशान थे। पीठ में भी कुछ नुकीली चीज से उसे मारा गया था। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।