राँची:प्रधानाचार्य पद के विवाद में फंसी शिक्षकों की सैलरी, वेतन नहीं मिलने पर स्कूल के शिक्षक हड़ताल पर

-30 से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारियों का जून माह का वेतन रुका, विद्यालय परिसर में धरना; शिक्षा विभाग से हस्तक्षेप की मांग

राँची।राजधानी राँची स्थित St. Arvindo Academy में प्रधानाचार्य पद को लेकर चल रहे विवाद का खामियाजा अब विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। विद्यालय के 30 से अधिक शिक्षक एवं गैर-शिक्षकेतर कर्मचारियों का जून 2026 का वेतन अब तक जारी नहीं किया गया है। वेतन नहीं मिलने से सभी कर्मचारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
वेतन भुगतान में हो रही देरी के विरोध में रविवार को विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर विद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। शिक्षकों का कहना है कि जब तक लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

श्रम अधीक्षक से भी लगाई गुहार
शिक्षकों के अनुसार, वे अपनी समस्या लेकर श्रम अधीक्षक उदय कुमार से भी मिले थे। श्रम अधीक्षक ने विद्यालय प्रबंधन से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन प्रबंधन के दो पदाधिकारियों के बीच चल रहे विवाद के कारण मामला अब तक नहीं सुलझ पाया है।

प्रधानाचार्य पद को लेकर आमने-सामने प्रबंधन
शिक्षकों का आरोप है कि विद्यालय के अध्यक्ष अनुज कुमार साहू ने विधिवत प्रक्रिया, शिक्षकों, अभिभावकों एवं नई स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) की सहमति से 13 वर्षों से विद्यालय में कार्यरत तथा पिछले 9 वर्षों से उप-प्रधानाचार्य रहीं राखी मिश्रा को प्रधानाचार्य नियुक्त किया है।

वहीं विद्यालय के मैनेजर राजकुमार साहू द्वारा PRT शिक्षिका गुड़िया कुमारी को प्रधानाचार्य घोषित कर उन्हें प्रधानाचार्य के पद का वेतन देने पर जोर दिया जा रहा है। इसी विवाद के चलते पूरे विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया है।
शिक्षकों का कहना है कि अध्यक्ष का सुझाव था कि विवाद के अंतिम समाधान तक दोनों पक्षों को शिक्षक के पद के अनुसार ही वेतन दिया जाए, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन सकी।

पढ़ाई पर भी पड़ रहा असर
शिक्षकों का कहना है कि प्रबंधन के इस विवाद का सीधा असर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था पर पड़ रहा है। निर्दोष शिक्षक और कर्मचारी आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं, वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

शिक्षकों की प्रमुख मांगें
धरना-प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी मांग है कि जून माह का लंबित वेतन अविलंब जारी किया जाए तथा प्रधानाचार्य पद से जुड़े विवाद और कथित अवैधानिक नियुक्ति की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।ये पूरी जानकारी राखी मिश्रा की ओर से दी गई है।

हालांकि स्कूल प्रबंधक की ओर से इस मामले में कोई बयान जारी नही किया गया है।

 

error: Content is protected !!