धनबाद: हाईवे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मवेशियों से भरा कंटेनर जब्त, तस्करों की हलचल तेज

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हटिया मैदान के समीप नेशनल हाईवे से मवेशियों से लदे एक कंटेनर को जब्त किया। बताया जा रहा है कि कंटेनर में तीन दर्जन से अधिक मवेशियों को बेहद तंग और अमानवीय परिस्थितियों में भरकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने वाहन को रोककर अपने कब्जे में ले लिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और कंटेनर को देखने के लिए भीड़ जुट गई।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि कंटेनर को छुड़ाने के लिए कथित तस्करों की ओर से लगातार कोशिशें की जा रही हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। न तो किसी गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है और न ही कंटेनर में मौजूद मवेशियों की वास्तविक संख्या या उनके गंतव्य को लेकर कोई जानकारी साझा की गई है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।

