गुमला में छात्राओं से भरा ऑटो पलटा, दो बीएड छात्राएं गंभीर रूप से घायल

 

गुमला।झारखण्ड के गुमला सदर थाना क्षेत्र के करमटोली मार्ग स्थित गणेश मंदिर के समीप सोमवार दोपहर बीएड की छात्राओं से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो पर सवार आधा दर्जन छात्राएं घायल हो गईं, जिनमें दो छात्राओं की हालत अपेक्षाकृत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो तेज रफ्तार में करमटोली मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से एक बाइक सवार अचानक आ गया। बाइक को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ऑटो सड़क किनारे स्थित एक दीवार से जा टकराया और पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और ऑटो में फंसी छात्राओं को बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

घायलों में घाघरा निवासी अंजलि कुमारी और कुसुम कुमारी को सबसे अधिक चोटें आई हैं। दोनों छात्राओं के पैर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोट लगी है। अस्पताल में डॉक्टर असीम की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है। अन्य छात्राओं को भी हल्की चोटें आई हैं और उनका भी उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, बीएड प्रथम वर्ष की करीब आधा दर्जन छात्राएं जिला स्कूल में अपनी प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) पूरी करने के बाद सोमवार दोपहर करीब तीन बजे ऑटो से बस स्टैंड जा रही थीं। इसी दौरान करमटोली मार्ग पर यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ऑटो का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!