राँची पुलिस की बड़ी पहल: SSP की अध्यक्षता में ‘जन-वार्तालाप’ का दूसरा चरण संपन्न, लोअरबाजार क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों के साथ हुई महत्वपूर्ण चर्चा

​राँची।राजधानी में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से राँची पुलिस द्वारा शुरू किए गए ‘जन-वार्तालाप’ कार्यक्रम का द्वितीय चरण आज (27 जुलाई 2026) सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।राकेश रंजन वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में लोअरबाजार क्षेत्र के स्थानीय पार्षदों, प्रबुद्ध जनों और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया।

​गौरतलब है कि एसएसपी द्वारा इस नवाचार कार्यक्रम की शुरुआत 24 जुलाई 2026 को सुखदेवनगर क्षेत्र से की गई थी। आज की बैठक में मौजूद नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

नशे के खिलाफ एकजुटता और सावन को लेकर चर्चा

​बैठक के दौरान स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही नागरिकों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अपने नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की प्रतिबद्धता जताई। आगामी पावन सावन माह को ध्यान में रखते हुए, सड़क मार्ग से गुजरने वाले कांवरियों की सुगम आवाजाही और उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

SSP ने दिए कड़े निर्देश: असामाजिक तत्वों पर होगी कार्रवाई

​जन-संवाद के दौरान सामने आए गंभीर मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने लोअरबाजार थाना प्रभारी को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए:

असामाजिक गतिविधियों पर लगाम: क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा: स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास, विशेषकर छात्राओं के आने-जाने के समय विशेष निगरानी रखने और लगातार गश्ती (पेट्रोलिंग) करने के आदेश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि रहे मौजूद

​इस महत्वपूर्ण बैठक में एसएसपी राँची के अलावा पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (यातायात) और लोअरबाजार थाना प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।इसके अलावा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अन्य व्यक्तियों में मुश्ताक आलम, मो० सलाउद्दीन (पार्षद वार्ड-16), आलिया नाज़ (पार्षद वार्ड-11), मो० एहतेशाम (पार्षद वार्ड-21), सरवर रिजवी, मो० साऊद (अध्यक्ष, नूरी मस्जिद, मौलाना आजाद कॉलोनी), मयंक गिरी, मो० सज्जाद, मो० काजू, मो० आशिक, मो० मुस्तफा अंसारी, मो० फारूक और समाजसेवी साहब अली सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

error: Content is protected !!