Ranchi:नाबालिग को शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म,गर्भवती होने पर शादी से इनकार,आरोपी गिरफ्तार,आरोपी को छुड़ाने पहुँचे ग्रामीणों का हंगामा…..

राँची।जिले के तुपुदाना ओपी क्षेत्र की रहने वाली 15 साल की एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद नाबालिग लड़की गर्भवती हो गयी। दबाव बनाने के बाद आरोपी युवक ने नाबालिग से शादी करने से इंकार कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद तुपुदाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम विरेंद्र सिंह बिंदिया है और वह तुपुदाना हरदाग के कदमटोली का रहने वाला है।

बताया जा रहा है कि आरोपी युवक से नाबालिग की दोस्ती मई 2022 में हुई थी। इस दौरान दोनों करीब आ गए। शादी का झांसा देकर आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी लगातार नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। इसी दौरान नाबालिग लड़की गर्भवती हो गयी। नाबालिग लड़की ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने इंकार कर दिया। कहा कि वह उससे शादी नहीं कर सकता है। फिर नाबालिग लड़की सीधे तुपुदाना ओपी पहुंची और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने रविवार को छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है।

आरोपी को छुड़ाने ग्रामीण पहुंचे थाना

आरोपी विरेंद्र की गिरफ्तारी के बाद कदमटोली के लोग रविवार को तुपुदाना ओपी पहुंच गए। उन्होंने थाना का घेराव किया। पुलिस पर आरोपी को छोड़ने का दबाव बनाया। ग्रामीणों का कहना था कि आरोपी के साथ नाबालिग की शादी करा दिया जाएगा। इसलिए उसे छोड़ दिया जाए। लेकिन पुलिस आरोपी को छोड़ने से इंकार कर दी। इसको लेकर पुलिस और ग्रामीणों के साथ कहा-सुनी भी हुई। सख्ती बरतने के बाद ग्रामीण थाना से हटे।