Ranchi: लोहे के रॉड से पीटकर गर्भवती पत्नी की हत्या,आरोपी पति फरार
राँची।जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।जहां एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी।इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।पुलिस के मुताबिक जिंतू पंचायत के लुपुंगडीह गांव निवासी चितरंजन मुंडा का अपनी पत्नी गांगी देवी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था।बताया जा रहा है कि आरोपी शराब का आदी था, जिस कारण घर में आए दिन कलह होती थी।
घटना के दिन भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ,जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर चितरंजन मुंडा ने अपनी पत्नी पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण गांगी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
हैरानी की बात यह है कि मृतका पांच छोटे-छोटे बच्चों की मां थी और वह गर्भवती भी थी।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सोनाहातू पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। साथ ही एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून समेत अन्य साक्ष्य एकत्र किए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राँची स्थित रिम्स भेज दिया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने बताया कि आवेदन मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

