Ranchi:कांटाटोली फ्लाईओवर का काम फिर शुरू,फ्लाईओवर निर्माण से जाम समस्या से लोगों को छुटकारा मिलेगा

राँची।लंबे समय से अधर में लटके राजधानी राँची के कांटाटोली फ्लाईओवर का काम फिर से शुरू हो गया है।रोड के दोनों ओर नालियों का निर्माण कार्य चल रहा है।वहीं पानी का पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है।अब नई एजेंसी ने पिलर के लिए ड्रीलिंग का काम शुरू कर दिया है।अब उम्मीद है कि कांटाटोली फ्लाईओवर का काम रफ्तार पकड़ेगा और काम की रफ्तार तेज रही तो 2024 के अंत तक लोगों को कांटाटोली चौक पर जाम की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।बताते चलें कि अहमदाबाद की कंपनी मेसर्स दिनेश अग्रवाल एंड संस को कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण का काम दिया गया है।

झारखण्ड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड ने फ्लाईओवर में कुछ बदलाव किया था। जिसके तहत योगदा सत्संग आश्रम, बहु बाजार से कांटाटोली चौक होते शांति नगर, कोकर तक फ्लाईओवर तैयार किया जाना है। इसकी कुल लंबाई 2240 मीटर होगी। वहीं काम पूरा करने में 18767.28 लाख की लागत आने की उम्मीद जतायी गयी है।

पूर्व में फ्लाईओवर के लिए 1250 मीटर की लंबाई तय हुई थी।बाद में इसमें बदलाव किया गया तो इसकी लंबाई 2240 मीटर हो गई।वर्तमान सरकार में अक्टूबर 2021 में कांटाटोली फ्लाईओवर के लिए पहली बार टेंडर जारी हुआ था। इसके बाद फ्लाईओवर निर्माण का काम कुल 24 माह में करने का प्रस्ताव रखा गया था।

इससे पहले फ्लाईओवर निर्माण की योजना 2016 में बनी थी। 2017 में एजेंसी का चयन किया गया। भू-अर्जन नहीं होने के कारण काम चालू नहीं हो पाया इस बीच मई 2018 में भू-अर्जन का काम पूरा हुआ।जून 2018 से फ्लाईओवर निर्माण का काम शुरू हुआ। ऐसे में जून 2020 तक कांटाटोली फ्लाईओवर बनकर तैयार हो जाना चाहिए था।