Ranchi:हॉस्टल के गेट पर युवती को घेरकर छेड़खानी, भाई से मारपीट,चेन-अंगूठी लेकर फरार

 

राँची।शहर के लालपुर थाना क्षेत्र के नगड़ाटोली में गर्ल्स हॉस्टल के बाहर देर रात अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। हॉस्टल के गेट पर स्कॉर्पियो रुकते ही वहां पहले से शराब पी रहे युवकों ने गाड़ी को घेर लिया। इसके बाद युवती के साथ छेड़खानी की गई और विरोध करने पर उसके भाई की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। आरोपियों ने मारपीट के दौरान सोने की चेन, अंगूठी और गाड़ी की चाबी भी छीन ली।घटना 28 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे श्रीवास्तव गर्ल्स हॉस्टल के पास की बतायी जा रही है। मामले को लेकर बोकारो के कसमार निवासी छात्रा ने लालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।

प्राथमिकी के अनुसार,छात्रा अपने भाई के साथ स्कॉर्पियो से हॉस्टल पहुंची थी। जैसे ही गाड़ी हॉस्टल के पास रुकी, वहां पहले से शराब का सेवन कर रहे सनी समेत तीन अज्ञात युवक गाड़ी के आसपास पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने गेट खोलकर गाली-गलौज शुरू कर दी।स्थिति बिगड़ते देख युवती के भाई ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने कथित तौर पर उसके गले से सोने की चेन और अंगूठी उतार ली तथा गाड़ी की चाबी भी छीन ली।

पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी सनी ने उसे जबरन स्कॉर्पियो से नीचे खींच लिया। इसके बाद उसके साथ अभद्रता, छेड़खानी और मारपीट की गई। आरोप है कि युवक ने युवती के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट की।देर रात हॉस्टल के बाहर हुई इस घटना से वहां मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया। पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद लालपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अज्ञात आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस अब प्राथमिकी में नामजद आरोपी सनी के अलावा घटना में शामिल तीन अज्ञात युवकों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस के लिए अहम हो सकते हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी युवक कौन थे और घटना से पहले वे हॉस्टल के आसपास कितनी देर से मौजूद थे।

गर्ल्स हॉस्टल के बाहर हुई इस घटना ने शहर में छात्राओं और महिला सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात हॉस्टल के आसपास शराब पीकर युवकों के जमावड़े और इस तरह की आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस की गश्ती व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के पीछे की पूरी वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!