गढ़वा में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़..होटलों में चल रहा था धंधा…प्रशासन ने तीन नामचीन होटल किया सील, मैनेजर गिरफ्तार..एक दर्जन से ज्यादा युवक-युवतियों को पकड़ा…
गढ़वा। झारखण्ड के गढ़वा में चल रहे सेक्स रैकेट के कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है।एसपी अमन कुमार को मिली गुप्त सूचना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है। एसडीएम संजय कुमार और एसडीपीओ नीरज कुमार के नेतृत्व में मुख्यालय डीएसपी यशोधरा,थाना प्रभारी सुनील तिवारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी के साथ पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को शहर के तीन नामचीन होटलों में छापेमारी कर जिस्मफरोशी के धंधे का पर्दाफाश किया है। पुख्ता सबूत मिलने के बाद प्रशासन ने तीनों होटलों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।
छापेमारी के दौरान प्रशासन ने इन होटलों को सील किया है:
◆होटल आरडीएस (पूनम कांस्य कार)
◆तिवारी रेस्ट हाउस
◆होटल एसएलसी
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि इन होटलों में लंबे समय से अनैतिक कार्य चलने की गुप्त सूचना मिल रही थी। छापेमारी के दौरान लगभग 14 जोड़े नाबालिग लड़के-लड़कियों को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों होटलों के मैनेजरों को गिरफ्तार कर लिया है।प्रशासन अब इन होटलों के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की तैयारी कर रहा है।
बताया गया कि कार्रवाई के दौरान जब होटलों के कमरों की तलाशी ली गई, तो स्थिति चौंकाने वाली थी। पुलिस ने अलग-अलग कमरों से कुल 14 जोड़ों (लड़का-लड़की) को हिरासत में लिया। जांच में पाया गया कि इनमें से किसी भी जोड़े की एंट्री होटल के रजिस्टर में नहीं की गई थी और न ही उनसे कोई वैध पहचान पत्र लिया गया था।पुलिस सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान कुछ कमरों से अवांछित और आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।

बता दें कि गढ़वा में देह व्यापार के खिलाफ एसडीएम संजय कुमार का यह दूसरा बड़ा प्रहार है। करीब एक वर्ष पहले भी उन्होंने जयश्री होटल में छापेमारी कर इसी तरह के धंधे का खुलासा किया था, जिसके बाद होटल मालिक जय सोनी को जेल जाना पड़ा था।
इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य होटलों और लॉज संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और पकड़े गए नाबालिगों के परिजनों से भी संपर्क साधा जा रहा है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनैतिक कार्यों को बढ़ावा देने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
