महिला से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल

राँची। राजधानी रांची में एक बार फिर से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मामला राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। साथ ही महिला ने पुलिस को लिखित शिकायत में बतलाया है कि युवक ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया और अब शादी करने की बात करने पर युवक पीड़ित महिला को जान से मारने की धमकी दे रहा है।

ज्ञात हो कि महिला नामकुम थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। युवती का विवाह 2008 में पुरुलिया के रहने वाले एक व्यक्ति से हुई थी। जिस व्यक्ति से युवती का विवाह हुआ था उसे वर्ष 2013 में कैंसर हो गया था। उस दौरान पीड़ित महिला परिवार के साथ नामकुम के चायबागान के एक मकान में किराए पर रहती थी। पीड़ित महिला के अनुसार उसके भाई का मित्र अजय मुखर्जी जो कि पड़ोस में ही रहता था, उसका आना जाना उसके घर पर लगा रहता था। इसी दौरान आरोपी अजय ने पीड़ित महिला को बरगलाना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने महिला से उसके पति के बीमारी को लेकर उसे बरगलाया और पीड़िता से विवाह करने का झांसा देकर शारिरिक सम्बंध बनाया।

पीड़ित महिला के पति का कैंसर ग्रसित होने के कारण वर्ष 2018 में उसका निधन हो गया। आरोपी ने महिला को शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान महिला गर्भवती भी हुई। महिला को विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने महिला के मांग में सिंदूर भी भरा था। पीड़िता के अनुसार आरोपी अजय से गर्भवती होकर पीड़िता ने एक बच्चे को भी जन्म दिया है। बच्चे के जन्म लेने के बाद से आरोपी पीड़ित महिला से शादी करने से मुकर रहा है और पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। मामले में नामकुम थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बतलाया कि इस सम्बंध में पीड़ित महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी अजय मुखर्जी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।