गिरिडीह में रोशन रोही और निशा दुबे के स्टेज शो में बवाल, पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने भांजी लाठियां

 

गिरिडीह। झारखण्ड के गिरिडीह में दुर्गापूजा के समापन के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब मगही गायक रोशन रोही और भोजपुरी गायिका निशा दुबे की प्रस्तुति के दौरान अचानक हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते चप्पल-जूते और पत्थर फेंके जाने लगे। भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और कुछ लोग मंच पर चढ़ गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

घटना देवरी प्रखंड के मानिकबाद की है, जहां पवन बिहारी के सौजन्य से दुर्गापूजा के समापन पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में रोशन रोही, निशा दुबे समेत कई कलाकारों की प्रस्तुति होनी थी। चर्चित कलाकारों को देखने और सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे, लेकिन क्षमता से अधिक भीड़ जुटने के कारण व्यवस्था बिगड़ गई।

बैरिकेडिंग तोड़ मंच पर चढ़े लोग, पत्थरबाजी से बिगड़े हालात
खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के अनुसार, अत्यधिक भीड़ के कारण कई लोग मंच पर चल रहे कार्यक्रम को ठीक से नहीं देख पा रहे थे। इसी बीच कुछ लोगों ने मंच की ओर चप्पल-जूते और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़कर मंच पर चढ़ने की कोशिश की। हंगामे के दौरान लाठी-डंडे चलने की भी सूचना है।

दो पुलिसकर्मी और कुछ कलाकार घायल
हंगामे के दौरान दो पुलिस जवानों और कुछ कलाकारों के घायल होने की सूचना है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई में किसी आम व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। बिगड़ते हालात को देखते हुए कार्यक्रम बंद करा दिया गया।

पांच हिरासत में, आयोजकों पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस ने पत्थरबाजी करने के आरोप में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के मुताबिक, कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इस मामले में आयोजकों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

 

error: Content is protected !!