दुमका से लापता दो मासूमों की गोड्डा में मिली लाश, कुएं में मिले शव,चाची हिरासत में….

 

दुमका/गोड्डा। दुर्गापूजा के उल्लास के बीच दुमका को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है।झारखण्ड के दुमका से लापता हुए दो मासूम बच्चों के शव गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सलगाटांड़ गांव में एक कुएं से बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान 4 वर्षीय अरब और 9 वर्षीय आयुष कुमार के रूप में हुई है। दोनों बच्चे 19 अक्टूबर को दुमका नगर थाना के सामने स्थित पेट्रोल पंप से अपनी माँ और चाची राखी कुमारी के साथ लापता हुए थे। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने राखी कुमारी को हिरासत में लिया है। दो मासूमों के शव मिलने की खबर से दुमका से गोड्डा तक हड़कंप मच गया है।

पेट्रोल पंप से गायब हुए थे दोनों मासूम
जानकारी के अनुसार, पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के बलिया डंगाल गांव निवासी विक्रम सिंह ग्रीनलैंड वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में चालक हैं। 19 अक्टूबर को वह अपनी कार से पत्नी राखी कुमारी, चार वर्षीय बेटे अरब और नौ वर्षीय भतीजे आयुष कुमार के साथ दुमका आए थे।दुमका नगर थाना के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर कार में पेट्रोल भरवाने के दौरान राखी कुमारी दोनों बच्चों को लेकर पास के धर्मस्थान मंदिर में दर्शन करने जाने की बात कहकर निकली थी। लेकिन इसके बाद न तो राखी वापस लौटी और न ही दोनों बच्चों का कोई सुराग मिला। काफी खोजबीन के बावजूद तीनों का पता नहीं चलने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।

 


पति की शिकायत पर दर्ज हुई थी अपहरण की प्राथमिकी
पत्नी और दोनों बच्चों के अचानक लापता होने के बाद विक्रम सिंह ने दुमका नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

मोबाइल लोकेशन ने पहुंचाया गोड्डा, कुएं में मिले शव
जांच के दौरान राखी कुमारी के मोबाइल की लोकेशन गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद दुमका पुलिस ने गोड्डा पुलिस के सहयोग से तलाश तेज की और राखी कुमारी को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि आगे की जांच के दौरान सलगाटांड़ गांव के एक कुएं में दोनों बच्चों के शव होने की जानकारी मिली।पुलिस की मौजूदगी में दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि, दोनों बच्चों की मौत कैसे हुई, उन्हें कुएं तक कौन और किन परिस्थितियों में लेकर पहुंचा, इन सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है।

तंत्र-मंत्र की चर्चा, लेकिन पुलिस जांच में जुटी
दोनों मासूमों के लापता होने और फिर कुएं में शव मिलने की घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग घटना को तंत्र-मंत्र से जोड़कर भी देख रहे हैं, लेकिन फिलहाल इस आशंका की पुष्टि करने वाला कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है।

घटनास्थल पर दुमका के एसडीपीओ समेत कई पुलिस पदाधिकारी और गोड्डा पुलिस के अधिकारी पहुंचे। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। हिरासत में ली गई महिला से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
दो मासूमों की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर दोनों बच्चों के साथ क्या हुआ और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।फिलहाल दो बच्चों के शव मिलने और महिला को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि हुई है। घटना में किसी की भूमिका और मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

error: Content is protected !!