गुमला में रिश्ते का कत्ल…बेटे की मौत को हादसा बताने थाने पहुंचा पिता, हत्या के आरोप से मचा हड़कंप
गुमला। झारखण्ड के गुमला जिले में एक पिता पर अपने ही बेटे की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। पालकोट थाना क्षेत्र के पोजेंगा गांव में 38 वर्षीय कुलदीप यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि आपसी विवाद के दौरान पिता हरि यादव ने धारदार हथियार से हमला कर बेटे की जान ले ली। घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है।
मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब शुक्रवार सुबह पिता खुद पालकोट थाना पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसके बेटे की मौत सीढ़ी से गिरने के कारण हुई है। हालांकि, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच शुरू कर दी। अब पुलिस हादसे और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुलदीप यादव अपने परिवार के साथ राँची में रहकर काम करता था। कुछ दिन पहले ही वह पर्व मनाने के लिए अपने गांव लौटा था। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर में पिता और बेटा ही मौजूद थे। दोनों के नशे की हालत में होने और किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि विवाद के दौरान पिता ने धारदार हथियार से बेटे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पालकोट थाना के एएसआई राघव पूर्ति सशस्त्र बलों के साथ पोजेंगा गांव पहुंचे और मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है। वहीं, पिता से पूछताछ की जा रही है।
पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और युवक की मौत कैसे हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। फिलहाल, पिता पर लगे हत्या के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

