Ranchi:अज्ञात युवक की पत्थर से कूचकर हत्या,पुलिस छानबीन में जुटी है…

राँची।राजधानी राँची में एक युवक की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई है। युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।लोगों ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सुखदेवनगर पुलिस मौके पर पहुंच कर हत्याकांड की छानबीन में जुटी हुई है।हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी।इस संबंध में सुखदेवनगर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार की देर रात स्थानीय लोगों के द्वारा सूचना दी गई थी कि हेहल अंचल के आगे पहाड़ टोली तालाब के पास एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा हुआ है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि एक युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से काफी पूछताछ की, लेकिन अब तक शव की पहचान नहीं हो सकी है।प्रथम दृष्टया जांच में पाया गया है कि खाने-पीने के दौरान ही आपसी विवाद में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है.युवक को मारने के लिए आसपास पड़े पत्थरों का प्रयोग किया गया है। सुखदेवनगर पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए उसकी तस्वीर सभी थाना क्षेत्रों में भेजी है।

बरियातू में महिला पर फायरिंग:

वहीं दूसरी तरफ राँची के बरियातू एदलहातु में रहने वाली महिला पिंकी सिंह ने बरियातू थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके ऊपर किसी ने फायरिंग की है। रविवार को महिला ने खुद बरियातू थाना पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी है। महिला ने पुलिस को बताया है कि वह जब अपने घर में सोई हुई थी उसी दौरान किसी ने एस्बेस्टस की छत पर चढ़कर कमरे में फायरिंग की। मामले की जानकारी मिलने के बाद बरियातू पुलिस गोलीबारी की घटना की जांच में जुटी हुई है। हालांकि अभी तक पुलिस को महिला के घर से कोई भी खोखा नहीं मिला है।पुलिस की टीम महिला से भी पूछताछ कर रही है।