पलामू:वाहन चैकिंग के दौरान एसडीपीओ के अंगरक्षक को स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश,एक गिरफ्तार,दो फरार,

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में आईपीएस अधिकारी के अंगरक्षक को स्कॉपियो से कुचलने की कोशिश की गई है।बताया जाता है कि पलामू में एसडीपीओ के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी के अंगरक्षक अरविंद यादव पर ऑन ड्यूटी स्काॅर्पियो चढ़ाने का प्रयास किया गया। वह बाल-बाल बच गए। घटना को अंजाम देने का आरोप लातेहार में ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल में लिपिक के पद पर कार्यरत 24 वर्षीय मोंटी कोमल पर लगा है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है। घटना मंगलवार देर रात की है।इधर पुलिस की पूछताछ मे पकड़े गए आरोपी ने बताया कि भागने वाले दोनों युवक लातेहार में अलग-अलग राजनीतिक दलों में सक्रिय हैं। एक का नाम अमित पांडेय बताया गया है। दूसरे का नाम प्रमोद साव है। अब तक की जांच के आधार पर दावा किया गया है कि पुलिस की ओर से इस घटना में जब्त किया गया वाहन अमित पांडेय का है। वह लातेहार जिले में आजसू का कार्यकारी अध्यक्ष है। वहीं प्रमोद साव भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक एनएच-39 राँची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर पुलिस की ओर से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसका नेतृत्व आईपीएस के विजय कुमार कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली की स्कॉपियों में सवार होकर तीन लोग हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। मंगलवार की रात करीब 11 बजे पुलिस ने एक स्काॅर्पियो को आते हुए देखा तो उसे रोकने का इशारा किया। गाड़ी नहीं रुकी। पुलिस ने इसका पीछा किया। रेड़मा भगवती हॉस्पिटल के पास स्काॅर्पियो को रोका गया। पुलिस के जवान अपने वाहन से उतर कर गाड़ी के पास पहुंचे।इसी दौरान ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक ने गाड़ी बढ़ा दी। ठीक सामने खड़े एसडीपीओ के बॉडीगार्ड बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने फिर स्काॅर्पियो का पीछा किया। भागते-भागते स्काॅर्पियो एक रास्ते में मुड़ गई। आगे रेलवे लाइन थी। वहां गाड़ी छोड़कर तीन लोग स्काॅर्पियो से निकलकर भागने की कोशिश करने लगे। इसमें दो युवा फरार हो गए। एक युवक पकड़ा गया।

इस सम्बंध में एसडीपीओ के विजय कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियार के साथ घूम रहे हैं।इसी सूचना पर पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान यह घटना हुई।पुलिस जांच कर रही है।आगे की कार्रवाई जारी है।