पटना:शादी में हर्ष फायरिंग में पार्षद की पत्नी को गोली लगी,हुई मौत,दो गिरफ्तार,दो रायफल,एक पिस्टल और करीब 165 गोली बरामद

झारखण्ड न्यूज राँची

पटना।बिहार की राजधानी पटना में शादी में हर्ष फायरिंग करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया।बताया गया कि शादी के दौरान हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई। मारी गई महिला की पहचान दानापुर नगर परिषद के वार्ड संख्या 15 के पार्षद डॉक्टर सुजीत कुमार की पत्नी सन्नी देवी के रूप में हुई है।वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शादी का वीडियो फुटेज खंगाला। इसमें दो लोगों को फायरिंग करते पाया गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से दो लाइसेंसी रायफल और एक लाइसेंसी पिस्टल बरामद किया गया है। इनके पास से 65 पिस्टल की गोली और 100 रायफल की गोली भी बरामद की गयी है।बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों सुजीत और पवन रिटायर्ड फौजी है।

मिली जानकारी के अनुसार शादी समारोह में जयमाल के दौरान हवाई फायरिंग हो रही थी। इसी बीच हर्ष फायरिंग में दो गोली वार्ड पार्षद की पत्नी सन्नी देवी को लग गयी। गोली लगने के बाद महिला को घायल अवस्था में राजा बाजार स्थित एक बड़े अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर अवस्था को देखते हुये रेफर कर दिया। इसके बाद महिला को पाटलिपुत्र स्थित निजी नर्सिंग होम में वेंटिलेटर पर एडमिट किया गया। जहां डॉक्टरों ने 5 घंटे बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया।

बताया जाता है कि कुछ लोग सुल्तानपुर में अजित पहलवान की भतीजी की जयमाल कार्यक्रम में पिस्टल लहराते हुये हर्ष फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान दो गोली सन्नी देवी के सर में जा लगी और अचानक खुशी का माहौल में अफरातफरी में बदल गया।लोगों ने गोली लगने के बाद जब जयमाला मंच पर महिला को गिरते देखा तो लोग दौड़े और तुरंत राजाबाजार स्थित नर्सिंग होम में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने गंभीरता को देखते हुए इलाज करने से मना किया तो परिजन दूसरे नर्सिंग होम में भेजा और वहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

इधर घटना को लेकर एएसपी दानापुर और दानापुर थानाध्यक्ष ने जानकारी देते हुये बताया कि हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से महिला की मौत हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।