Jharkhand:जमशेदपुर में फांसी के फंदे से लटका मिला सुरक्षा गार्ड का शव,परिजनों ने सहकर्मी पर लगाया हत्या का आरोप,छानबीन में जुटी है पुलिस

जमशेदपुर।शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में फांसी के फंदे से लटका मिला सुरक्षा गार्ड का शव।गार्ड का शव बर्मामाइंस थाना अंतर्गत डिस्पेंसरी रोड में स्थित एसआईएस कंपनी के ऑफिस से बरामद हुआ है।सुरक्षा गार्ड की पहचान मंदीप कुमार के रूप में हुई है।मंदीप बर्मामाइंस के केबुल बस्ती में रहता था।सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा गया।परिजनों ने मंदीप के सहकर्मियों पर उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बताया गया कि मंदीप मूल रूप से बिहार के गोपालगंज का रहने वाला था। केबुल बस्ती में वह अपने चाचा शिवजी यादव के साथ रहता था।उसके पिता का 2005 में निधन हो चुका है।जबकि मां और बहन गांव में रहते हैं।उसकी मौत की जानकारी उसकी मां और बहनों को दे दी गई है।

इधर मृतक के चाचा ने पुलिस को बताया कि उनके भतीजे को किसी प्रकार की परेशानी नहीं थी।सोमवार की रात 9:30 बजे खाना खाकर वह ड्यूटी पर गया था।करीब रात 2 बजे उसके कुछ सहकर्मी घर पहुंचे।उन्हें बताया गया कि उनके भतीजे की स्थिति खराब है।वे जब भतीजे के ऑफिस पहुंचे तो भतीजा फंदे से लटकता मिला।परिजनों ने आरोप लगाया कि भतीजे के कार्यशैली से उसके कुछ सहकर्मी नाराज थे। ड्यूटी के दौरान उसके कुछ सहकर्मी सोए रहते थे।इसकी तस्वीर खींच भतीजे ने कंपनी के मालिक को दिया था। इस बात की जानकारी भी भतीजे ने उन्हें दी थी।ऐसे में आशंका है कि उसके सहकर्मियों ने ही मंदीप की हत्या की है।