पलामू में वज्रपात का तांडव: बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर मौत, एक महिला गंभीर

​पलामू।आसमान से बरसी बिजली केवल कड़की ही नहीं, बल्कि एक हँसते-खेलते परिवार की खुशियों को भी चिराग बुझाकर ले गई। पांकी थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव में घटी इस हृदयविदारक घटना से न सिर्फ एक घर उजड़ गया, बल्कि पूरा गांव शोक के आगोश में डूब गया है।

​पुरुषोत्तमपुर निवासी बालमुकुंद यादव अपने बेटे दिलीप यादव के साथ किसी काम से तेतराई गए हुए थे।देर शाम को दोनों पिता-पुत्र बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। उन्हें क्या मालूम था कि रास्ते में मौत उनका इंतज़ार कर रही है। जैसे ही वे पांकी के रास्ते पर बढ़े, अचानक कड़कड़ाती हुई आकाशीय बिजली सीधे उन पर आ गिरी। वज्रपात इतना जोरदार था कि पिता और पुत्र दोनों को संभलने का एक मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही दोनों की सांसें थम गईं।घटना की खबर जंगल की आग की तरह फैली। मौके पर पहुँचे स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

इधर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची।पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि वज्रपात की इस दर्दनाक घटना में पिता-पुत्र की मौत की पुष्टि हुई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और पुलिस आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।।

​इस आकाशीय आफत का असर सिर्फ यहीं नहीं रुका। इसी दौरान पुरुषोत्तमपुर की एक अन्य ग्रामीण महिला अनीता देवी भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए पांकी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।

​एक ही घर से दो-दो अर्थियाँ उठने की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बालमुकुंद यादव के घर के बाहर ग्रामीणों का ताँता लगा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गाँव में चूल्हा तक नहीं जला है। कुदरत के इस कहर ने एक पल में खुशहाल परिवार को गहरे ज़ख्म दे दिए हैं।

error: Content is protected !!