झारखण्ड के 14 जांबाज़ पुलिसकर्मी राष्ट्रपति और वीरता पदक की दौड़ में, एक IPS समेत कई अफसरों के नाम केंद्र को भेजे गए

राँची।झारखण्ड में नक्सल और उग्रवाद विरोधी अभियानों में असाधारण साहस दिखाने वाले 14 पुलिस अधिकारियों और जवानों को जल्द ही राष्ट्रपति पुलिस पदक (PMG) और वीरता पदक (GM) से सम्मानित किया जा सकता है। राज्य सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इन नामों की अनुशंसा गृह मंत्रालय, भारत सरकार को भेज दी है।
गृह विभाग के अवर सचिव अशोक कुमार ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर बताया कि जिन पुलिसकर्मियों के नाम भेजे गए हैं, उन्होंने अलग-अलग अभियानों में अपनी बहादुरी, नेतृत्व क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा का शानदार परिचय दिया। अनुशंसा सूची में एक IPS अधिकारी समेत कुल 14 अधिकारी और जवान शामिल हैं।
बोकारो ऑपरेशन: हार्डकोर नक्सलियों का खात्मा, हथियार भी बरामद
24 जनवरी 2025 को बोकारो के नावाडीह स्थित पेंक-नारायणपुर थाना क्षेत्र के बंसी जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो हार्डकोर नक्सली मारे गए थे। मौके से AK-47 और इंसास राइफल भी बरामद हुई थी। इस सफल अभियान के लिए तत्कालीन एसपी मनोज स्वर्गियारी समेत छह पुलिसकर्मियों के नाम भेजे गए हैं।
राष्ट्रपति पुलिस पदक (PMG):
IPS मनोज स्वर्गियारी (तत्कालीन एसपी, बोकारो)
सब इंस्पेक्टर अभिषेक किशोर
सब इंस्पेक्टर सुभाष कुमार यादव
वीरता पदक (GM):
आरक्षी दीनबन्धु शेखर
आरक्षी रामजी कुमार
आरक्षी शिवरतन साहू
चतरा लावालौंग हमला: उग्रवादियों को दिया मुंहतोड़ जवाब
2 नवंबर 2019 को चतरा के लावालौंग थाना क्षेत्र में टीपीसी उग्रवादियों ने पुलिस टीम पर घात लगाकर हमला किया था। कठिन परिस्थितियों में भी पुलिस टीम ने साहस के साथ मुकाबला किया। इस अभियान के लिए तीन अधिकारियों के नाम राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए भेजे गए हैं।
डिप्टी कमांडेंट रविशंकर पाण्डेय
इंस्पेक्टर लव कुमार सिंह
हवलदार विक्की गुरुंग
बूटकुईंया मुठभेड़: इनामी माओवादी ढेर
29 जनवरी 2023 को चतरा के कुंदा थाना क्षेत्र की बूटकुईंया पहाड़ियों में पुलिस और कोबरा बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में एक इनामी माओवादी कमांडर मारा गया था। इस सफल ऑपरेशन के लिए दो पुलिसकर्मियों के नाम राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए अनुशंसित किए गए हैं।
इंस्पेक्टर सनोज कुमार चौधरी
आरक्षी चन्दन कुमार पासवान
गुमला कुरुमगढ़: उत्कृष्ट अनुसंधान का सम्मान
गुमला के कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 में दर्ज मामले में उग्रवादियों के खिलाफ सफल अभियान और उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए तीन अधिकारियों के नाम राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए भेजे गए हैं।
डीएसपी विकास आनन्द लांगुरी
सब इंस्पेक्टर विवेकानन्द श्रीवास्तव
आरक्षी अशोक कुमार
अब केंद्र सरकार के फैसले का इंतजार
झारखंड सरकार की अनुशंसा के बाद अब अंतिम निर्णय गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा लिया जाएगा। मंजूरी मिलने पर इन जांबाज़ पुलिस अधिकारियों और जवानों को राष्ट्रपति पुलिस पदक (PMG) और वीरता पदक (GM) से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान न केवल उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की पहचान होगा, बल्कि नक्सल और उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई में पुलिस बल का मनोबल भी बढ़ाएगा।

