SSC परीक्षा में ऑनलाइन हैकिंग गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार,रिमोट एक्सेस के जरिए परीक्षा सिस्टम हैक कर अभ्यर्थियों को पास कराने का खुलासा….

 

राँची।जिले के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र स्थित डोल बगीचा में अवस्थित Genius Institute of Technology में आयोजित SSC (GD/Constable) CAPF परीक्षा-2026 के दौरान ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली को हैक कर अभ्यर्थियों को पास कराने वाले एक संगठित गिरोह का राँची पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची को 21 मई 2026 को सूचना मिली थी कि परीक्षा संचालन के दौरान कम्प्यूटर सिस्टम को हैक करने की कोशिश की जा रही है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में टाटीसिलवे थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर छापामारी की गई।

जांच के दौरान पाया गया कि परीक्षा केन्द्र के प्रथम तल स्थित लैब-1 में एक परीक्षार्थी द्वारा परीक्षा शुरू होने से पहले कम्प्यूटर सिस्टम को री-स्टार्ट कराया गया था। तकनीकी जांच में यह सामने आया कि सिस्टम को Remote Access के माध्यम से संचालित किया जा रहा था, जिससे स्क्रीन मिररिंग एवं ऑनलाइन हैकिंग की संभावना स्पष्ट हुई।

पूछताछ में गिरफ्तार परीक्षार्थी मृत्युंजय कुमार यादव एवं इनविजिलेटर संजीत कुमार ने स्वीकार किया कि परीक्षा केन्द्र के सामने स्थित एक मकान में किराये पर रह रहे केन्द्राधीक्षक विकाश कुमार एवं आईटी कर्मी मुन्ना राज इंटरनेट एवं आईपी आधारित तकनीक से परीक्षा केन्द्र के कम्प्यूटर सिस्टम को हैक कर प्रश्नपत्र हल कराते थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विकाश कुमार एवं मुन्ना राज को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से कम्प्यूटर सिस्टम, मोबाइल फोन, बैंक चेक, मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि बिहार के बिचौलियों के माध्यम से अभ्यर्थियों से ₹6 लाख से ₹10 लाख तक लेकर परीक्षा पास कराने की डील की जाती थी। अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक दस्तावेज भी गिरोह द्वारा अपने कब्जे में रखे जाते थे।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले में एक संगठित आपराधिक गिरोह सक्रिय है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मामले में टाटीसिलवे थाना कांड संख्या-58/2026, दिनांक-21.05.2026 के तहत धारा 112(2) बीएनएस एवं The Public Examination (Prevention of Unfair Means) Act-2024 की धारा 10/11 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त:
मृत्युंजय कुमार यादव, जिला-सिवान (बिहार)
संजीत कुमार, जिला-नालंदा (बिहार)
विकाश कुमार, जिला-नालंदा (बिहार)
मुन्ना राज, जिला-पटना (बिहार)
बरामद सामग्री:
कम्प्यूटर मॉनिटर – 02
सीपीयू – 03
ब्रॉडबैंड / वाई-फाई डिवाइस – 01
की-बोर्ड – 02
माउस – 02
एंड्रॉयड मोबाइल फोन – 03
एडमिट कार्ड एवं आधार कार्ड
बैंक चेक – 05
मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र – 02

error: Content is protected !!