लातेहार दौरे पर DGP ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, नक्सलियों से आत्मसमर्पण का आह्वान
लातेहार।झारखण्ड के डीजीपी तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को लातेहार एसपी कार्यालय में जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।इस दौरान उन्होंने पुलिस के विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई निर्देश दिए।इस दौरान उन्होंने नक्सलियों से भी अपील की कि नक्सली आत्मसमर्पण कर सरकार की नई दिशा कार्यक्रम का लाभ लें और सम्मान की जिंदगी जिएं।दरअसल, डीजीपी तदाशा मिश्रा शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंची। लातेहार परिसर में पारंपरिक स्वागत के बाद उन्होंने एसपी कार्यालय के सभागार में जिले के तमाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य रूप से क्राइम कंट्रोल, ट्रैफिकिंग मामले, अफीम की खेती के खिलाफ कार्रवाई समेत अन्य बिंदुओं की समीक्षा की। बैठक के बाद प्रेस वार्ता करते हुए डीजीपी ने बताया कि लातेहार विजिट और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करने का मुख्य उद्देश्य क्राइम पर पूरी तरह कंट्रोल करना ही था। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर व्यापक रूप से चर्चा की गई।
प्रेस वार्ता के दौरान डीजीपी ने लातेहार एसपी कुमार गौरव के कार्यों की तारीफ की और कहा कि लातेहार जिले में पुलिस काफी बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पलामू डीआईजी कौशल किशोर और लातेहार एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में लातेहार जिले में अपराध पर भी नियंत्रण लगा है।
ह्यूमन ट्रैफिकिंग या मिसिंग जैसे मामले में लातेहार जिले के पुलिस अधिकारियों का कार्य सकारात्मक रहा है।जिस कारण लातेहार जिले में ऐसी घटनाएं काफी कम हुई हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ भी लातेहार पुलिस काफी बेहतर कार्य कर रही है, जिससे नक्सलवाद भी लगभग समाप्त हो गया है।इसके अलावा अफीम की खेती के खिलाफ भी लातेहार जिले में लगातार कार्रवाई हुई है, जिससे अफीम की खेती पर भी अंकुश लगा है।
प्रेस वार्ता के दौरान डीजीपी ने नक्सलियों से भी अपील की कि क्षेत्र में जो दो चार नक्सली अभी बचे हुए हैं, उनके पास एकमात्र रास्ता है कि वह आत्मसमर्पण कर सम्मान की जिंदगी जिएं। डीजीपी ने कहा कि नक्सलवाद अथवा अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। नक्सलियों के पास अब आत्मसमर्पण के अलावे दूसरा कोई रास्ता नहीं बचा है।यदि नक्सली आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी।
इससे पूर्व लातेहार पहुंचने पर लातेहार डीसी संदीप कुमार और एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में अधिकारियों ने डीजीपी का स्वागत किया।

