दुमका: खेत में मिला महिला का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत जीतपुर गांव में 36 वर्षीय महिला का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।मृतका गुरुवार शाम से लापता थी।शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने खेतों के बीच पेड़ों के पास शव देखा, जिसके बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।घटना को लेकर हत्या के साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है।
बताया जाता है कि गुरुवार शाम करीब पांच बजे वह शौच के लिए घर से जोरिया को निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी।परिजनों ने बताया कि देर रात 11 बजे तक आसपास काफी खोजबीन की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।शुक्रवार सुबह लखनपुर हाट जाने के दौरान एक महिला की नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी।सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी गई।घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार मृतका अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गई है।बच्चों की उम्र क्रमशः 18 वर्ष, 15 वर्ष और 9 वर्ष बताई जा रही है। इधर, महिला के गायब होने के बाद पुलिस ने खोजबीन के दौरान जोरिया के समीप कुछ कपड़े बरामद किए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई थी,लेकिन पूर्व में ही शव बरामद हो गया।डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल से सुराग खंगालने की कोशिश की गयी।अब शव मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ अनहोनी के बाद उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया।घटना की सूचना पर थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह एवं एसआई विवेक विल्सन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।मामले में थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

