एक करोड़ लूटकांड:कारोबारी के दोस्त ने रची थी साज़िश,73.59 लाख रूपया बरामद,मास्टर माइंड सहित पाँच गिरफ्तार

12 अप्रैल की सुबह 5.15 बजे ओबरिया रोड से तीन हथियारबंद अपराधियों ने दिया था लूटकांड को अंजाम

राँची।राजधानी राँची में 12 अप्रैल की सुबह जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के ओबरिया रोड से हुए एक करोड़ रुपया लूटकांड मामले में राँची पुलिस ने खुलासा कर लिया है। एसएसपी सुरेंद्र झा के निर्देश पर पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए लूटकांड के मास्टर माइंड अनमोल सिंघानिया सहित पांच को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों में अनमोल सिंघानिया, मनोज भगत, नजमी हसन, वसीम अहमद और जसीम अहमद शामिल है।पुलिस ने आरोपियों के पास से 73.59 लाख रूपया, लूट कांड में प्रयोग किए गाड़ी समेत कई अन्य सामान बरामद किया है।इस घटना में शामिल एक अन्य आरोपी जिसका नाम राजा है वो फरार है,जिसकी गिरफ्तारी में पुलिस जुटी हुई है।लूट कांड को कारोबारी शुभम अग्रवाल के दोस्त अनमोल सिंघानिया ने ही अंजाम दिया था।दोस्त ने ही दोस्त के साथ दगबाजी की।

पैसे देख बदल गया अनमोल का नियत और रच डाली लूट की योजना

लूट कांड का मास्टर माइंड अनमोल सिंघानिया चुटिया मेन रोड में रहता है।उसने ही अपने दोस्त से पैसे लूटने की योजना बनाई। वह हमेशा शुभम के साथ रहता। घटना से पहले भी वह शुभम के साथ ही था। उसे पता था कि शुभम ने बड़ी रकम अपने दुकानदारों से कलेक्शन किया है। शुभम का पंडरा में महुआ व इमली की गद्दी है। जब अनमोल ने इतनी बड़ी रकम देखी और उसे पता चला कि वह 12 अप्रैल की सुबह अपने घर उड़ीसा जाने वाला है, तो उसकी नियत बदल गई और अपने अन्य साथियों के साथ उसने लूट की योजना बना डाली। देर रात तक लूट की योजना बनी। लूट के लिए कार व हथियार का इंतजाम किया गया। फिर कार में फर्जी नंबर प्लेट लगा अहले सुबह चार लोगो को कार से ओबरिया रोड भेजा गया। अनमोल ने अपने साथियों को पूरा प्लान समझा दिया था। कहां से घटना को अंजाम देना है यह भी रात में ही लाकर समझा दिया था। लूट कांड के बाद तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने पहले अनमोल को गिरफ्तार किया, फिर उसके अन्य साथियों को। इनके पास से लूट के पैसे भी बरामद कर लिए गए। पुलिस इस घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों व हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।