दुखद: दर्दनाक सड़क दुर्घटना में राँची के प्रतिष्ठित डॉक्टर दम्पति के पुत्र की मौत

राँची। राँची के रातू थाना क्षेत्र के प्रतिष्ठित संजीवनी नर्सिंग होम के संचालक डॉ आरके सिंह व डॉ प्रीतिलता के लिए आज शनिवार का दिन बहुत ही दर्दनाक रहा है। दरअसल राँची जिला के दशम थाना क्षेत्र के तैमारा घाटी में एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई और एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया था। घटना तैमारा घाटी के सेल्फी पॉइंट के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है बाइक सवार युवक बहुत ही तेज रफ्तार से बाइक चला रहे थे उसी दौरान नियंत्रण खो जाने से डिवाइडर से टकरा गए जिससे एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। गम्भीर रूप से घायल हुए युवक की पहचान पंडरा के फ्रेंडस कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय प्रांजय शाहदेव पिता लाल संजय नाथ शाहदेव के रुप में की गई है। बताया जा रहा है कि प्रांजय ही बाइक चला रहा था जबकि मृतक श्रेयांश बाइक में पीछे बैठा हुआ था। दोनों बाइक सवार हेलमेट भी लगाए हुए थे।

दुर्घटना में मृत युवक रातू थाना क्षेत्र के एतवार बाजार व गम्भीर रूप से घायल युवक पंडरा के फ्रेंड्स कॉलोनी के हैं। जिस युवक की मौत हुई है उसकी पहचान रातू थाना क्षेत्र के प्रतिष्ठित संजीवनी नर्सिंग होम के संचालक डॉ दम्पति डॉ आरके सिंह व डॉ प्रीतिलता के बड़े पुत्र श्रेयांश सिंह के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर गम्भीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए और मृतक युवक के पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।