लॉकडाउन में बढ़ा अपराध@राँची:अपराधियों ने पहले बम से मारने की कोशिश की,नहीं फटा तो चलाई गोली, एक घायल

मामूली विवाद के बाद के बदला लेने पहुंचे थे अपराधी, मारना चाहते थे राहुल सिंह को गोली लगी उसके दोस्त विशाल को पुलिस कर रही है छापेमारी..

✒रोहित सिंह

राँची।लॉकडाउन में जहां अाम लोग अपने घरों में कैद है वहीं अब अपराधी बेलगाम हो गए है। पिछले एक सप्ताह के दौरान राँची में लगातार हत्या, गोलीकांड व चाकूबाजी की घटना हो रही थी, कि शुक्रवार को बम भी चल गया। अपराधियों ने दो युवकों को मारने के लिए पहले बम चलाया। जब बम नहीं फटा तो उनपर फायरिंग कर दी। जिसमें एक युवक घायल हो गया है। उसके दाहिने हाथ के बांह में गोली लगी है। इस संबंध में बरियातू थाना में जोड़ा तालाब निवासी विशाल कुमार ने तीन लोगो देशावली टोली निवासी पीयूष तिवारी, कुसुम विहार निवासी विपिन शर्मा और चरका पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। इधर घटना के बाद बरियातू पुलिस पांचो की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

शाम पांच बजे चांडिल मैदान के पास आए पहले फेंका बम जो फंस गया दीवार में

विशाल कुमार द्वारा बरियातू थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार शुक्रवार की शाम पांच बजे वह अपने दोस्त राहुल सिंह और पवन सिंह के साथ बरियातू स्थित चांडिल मैदान के पास स्कूल के पीछे बैठकर बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान दो स्कूटी से पांच लोग आए। जिसमें पियुष तिवारी, विपिन शर्मा, चरका और दो अन्य लोग शामिल थे। आते के साथ ही विपिन शर्मा ने पहले अपने हाथ में लिए बम उनके उपर फेंका। लेकिन बम स्कूल के दीवार में लगकर फंस गया। यह देख विशाल व उसका दोस्त भागने लगे तो विपिन शर्मा ने अपनी पिस्तौल निकाल कर गोली चला दी। गोली विशाल के हाथ में लगी। जिससे वह घायल हो गया। किसी तरह से वह शोर मचाते हुए वहां से भागा। जब शोर सुन स्थानीय लोग वहां जुट गए तब अपराधी अपनी स्कूटी छोड़ वहां से भाग निकले।

चरका से राहुल का हुआ था विवाद इसी लिए मारने पहुंचे थे

विशाल ने बताया कि 28 मई को चरका नाम के युवक से उसके दोस्त राहुल का छोटी सी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर चरका ने उसे मारने के लिए अपने साथी विपिन और पियुष के साथ वहां पहुंचा था। लेकिन वह राहुल को मारने में सफल नहीं हो सका और गोली विशाल को लग गई।