Jharkhand:घर में जलकर बुजुर्ग की मौत,हादसा या हत्या,छानबीन में जुटी है पुलिस

जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बडशोल थाना क्षेत्र के खंडामौदा (जामबनी) टोला में गुरुवार की रात घर में अकेले सोए हुए बुजुर्ग की जलकर मौत होने मामला सामने आया है। घटना की सूचना के बाद तत्काल बडशोल पुलिस जामबनी टोला घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार बडशोल थाना क्षेत्र के जामबनी गांव निवासी शक्ति मन्ना 86 गुरुवार की रात 8 बजे छोटे भाई विमल मन्ना के घर से खाने के लिए रोटी लेकर आए थे तथा मोमबत्ती जलाकर सोए थे। सुबह 5 बजे घर के समीप के एक ग्रामीण ने विमल मन्ना को सूचित किया कि उनके बड़े भाई के घर में धुआं उठ रहा है। विमल मन्ना एवं उनके परिजनों ने आकर के देखा कि घर में धुआं उठ रहा है। दरवाजा अंदर से लगा हुआ है। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर देखा तो उनके बड़े भाई शक्ति मन्ना बुरी तरह से जलकर राख में तब्दील हो गए थे। शक्ति मन्ना जिस पलंग पर सोए हुए थे उसका गद्दा भी जलकर राख में तब्दील हो गया था। घटना की सूचना विमल मन्ना ने बडशोल पुलिस को दी। घटना की सूचना पाकर बडशोल थाना प्रभारी ज्योति लाल राजवाड़ पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस टीम मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि मृतक के छोटे भाई विमल मन्ना ने पुलिस को बताया कि उनके बड़े भाई शक्ति मन्ना पिछले 3 वर्षों से जमबनी गांव में बनाए गए घर में अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी की एक वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। उनके बेटे की छह साल पहले बीमारी से मृत्यु हो गइ थी। शक्ति जमशेदपुर में कदमा भाटिया बस्ती जमुनापथ में पहले अपने मकान में रहते थे। मकान बिक्री कर देने के बाद वह अकेले यहां तीन साल से गांव में रह रहे थे। उनके घर में खाना खाया करते थे। विमल मन्ना ने पुलिस को यह भी बताया कि शक्ति मन्ना जमशेदपुर कदमा भाटिया बस्ती निवासी पुष्पा देवी को घर बेचे थे। उनके यहां दो लाख अभी भी बाकी है । पैसा नहीं देने पर कदमा थाना में कई माह पहले लिखा -पढी हुई थी। उसके बाद भी पुष्पा देवी ने अभी तक दो लाख रुपए नहीं दिए हैं।

वहीं,विमल मन्ना ने पुलिस को बताया कि उनके बड़े भाई पिछले तीन दिनों से बिजली नहीं होने के कारण मोमबत्ती जलाकर सोते थे। उन्हें आशंका जाहिर हो रही है कि मोमबत्ती से आग लग कर ही उनकी मृत्यु हुई है। मृतक शक्ति मन्ना जमशेदपुर में पहले ठेकेदारी में काम करते थे।

इधर बड़शोल थाना प्रभारी ज्योति लाल राजबाड़ ने बताया कि मृतक के छोटे भाई विमल मन्ना के अनुसार मोमबत्ती से आग लग कर उनके बड़े भाई की मृत्यु हुइ है।लेकिन पुलिस हत्या की आशंका पर भी छानबीन कर रही है । मृतक के परिजनों के द्वारा किसी के ऊपर कोई आशंका भी व्यक्त नहीं की गइ है। पुलिस ने फिलहाल शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।और आगे की छानबीन की जा रही है।