जमशेदपुर:ससुराल में नवविवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला,पिता ने दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज कराया,पुलिस मामले की जांच कर रही है

जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र टुईलाडूंगरी स्थित ससुराल में नवविवाहिता सोनम परवीन का शव फंदे से लटकता गुरुवार को मिला।बताया जा रहा है कि उसकी शादी सफदर खान के साथ मार्च 2020 में हुई थी।इधर पुत्री की मौत की खबर पर गोलमुरी पहुंचे उसके पिता कपाली निवासी नुरुल हक का आरोप है। उनकी बेटी की दहेज के लिए हत्या कर दी गई है। हत्या के साक्ष्य को मिटाने को शव को फंदे से लटका खुदकुशी का रूप देने का प्रयास किया गया।

पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज

सोनम के पिता की शिकायत पर गोलमुरी थाना मेंं सोनम के पति सफदर खान, ससुर अनवर खान, सास रहमत खातून, देवर अजहर खान, ननद फरीदा खातून और नानी सास के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस को बताया शादी के बाद सोनम ने बेटे को जन्म दिया, जो अभी आठ माह का है। सफदर तीन माह पहले सउदी अरब नौकरी करने गया है। सोनम को दहेज के लिए पति सफदर खान, ससुर अनवर खान, सास रहमत खातून, देवर अजहर खान, ननद फरीदा खातून और नानी सास उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया करते थे। मारपीट की जाती थी। बेटी अक्सर फोन पर प्रताड़ना व मारपीट की शिकायत किया करती थी। बुधवार रात को ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि सोनम ने फांसी लगा ली है। जब वे लोग सोनम के ससुराल पहुंचे तो पाया कि सोनम फंदे पर लटकी हुई है। गले में चोट के निशान है। उसका हाथ नीला पड़ गया था।

इस सम्बंध में गोलमुरी थाना के इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया मामले की जांच की जा रही है। शव काे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।