पटना:जन्मदिन की पार्टी के नाम पर प्रेमिका को होटल बुलाया और किया दुष्कर्म,प्रेमी गिरफ्तार,थाना में खूब हुई ड्रामेबाजी

पटना।बिहार की राजधानी पटना में जन्मदिन की पार्टी के नाम पर होटल में प्रेमिका को बुलाकर दुष्‍कर्म करने और फिर शादी से इनकार करने का मामला पटना में सामने आया है।घटना राजधानी के रामकृष्‍ण नगर थाना क्षेत्र की है। इस सम्बन्ध में प्रेमिका ने प्राथमिकी दर्ज करा दी।वहीं पुलिस ने त्‍वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया।बताया जा रहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद थाने में काफी ड्रामा भी हुआ। लड़की कहने लगी कि राहुल शादी के लिए तैयार हो गया है, उसे छोड़ दीजिए। लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। युवक को जेल भेजकर ही दम लिया। बताया जाता है कि युवक-युवती दोनों का घर आसपास ही है। इसी दौरान दोनों में संपर्क हुआ था।

थानाध्यक्ष रामकृष्ण नगर जहांगीर आलम खान के अनुसार युवती ने दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि राहुल कुमार से उसका प्रेम संबंध था। वह अक्‍सर उसे शादी का झांसा देता था। इसी दौरान बीते 11 सितंबर को उसने बताया कि उसका आज बर्थडे है। इसके बाद उसने उसे बाइपास इलाके के एक होटल में बुलाया। वह उसकी बातों पर भरोसा कर चली गई। लेकिन वहां पहुंची तो होटल के कमरे में राहुल अकेले था। उसने जबरन उसे पांच घंटे तक वहां रोके रखा। इस दौरान दो बार राहुल ने उसके साथ दुष्‍कर्म किया। विरोध करने पर फिर शादी का झांसा दिया। लेकिन बाद में वह शादी से मुकर गया। इसके बाद उसने परिवारवालों को घटना की जानकारी दी।

गिरफ्तारी के बाद लड़की बोली, उसे छोड़ दीजिए, वह शादी के लिए तैयार है

बताया गया है कि लड़की से घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग सन्‍न रहे गए। फिर लड़की को लेकर उसके घर वाले राहुल के घर पहुंचे। वहां सारी बात बताते हुए शादी का दबाव बनाया। लेकिन उसके घर वाले पूरी तरह मुकर गए। लड़के की माँ वहां लड़की पर गंभीर आरोप लगाने लगी। इसके बाद दो बार पंचायत भी हुई लेकिन वे लोग नहीं माने। तब बुधवार को लड़की थाने पहुंची और दुष्‍कर्म की एफआइआर करा दी। लड़की थाने में ही थी इस दौरान पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर ले आई। उसकी गिरफ्तारी के बाद युवती पुलिस पर राहुल को छोड़ने का दबाव बनाने लगी। युवती पुलिस को कह रही थी कि वह अब विवाह करने को तैयार हो गया है। पुलिस ने कहा कि अब एफआइआर हो चुकी है। इसलिए अब जो भी होगा वह कोर्ट से ही। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रेमी को जेल भेज दिया।