5 लाख की ईनामी नक्सली गिरफ्तार:छोटू खरवार के दस्ते को लीड करता था माओवादी प्रदीप सिंह चेरो, बूढ़ा पहाड़ समेत लातेहार में रहा सक्रिय..

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के बरियातू जागीर जंगल से 5 लाख की ईनामी भाकपा माओवादी के सब जोनल कमांडर प्रदीप सिंह चेरो पिता उपेंद्र सिंह चेरो (बरियातू जागीर) को लातेहार पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया है। इसकी जानकारी एसपी अंजनी अंजन ने प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि प्रदीप सिंह चेरो अपने परिजनों से मिलने गांव आया है और वह बरियातू, जागीर के जंगल में छुपा हुआ है। इसके बाद लातेहार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम गठित किया गया।छापेमारी टीम जैसे ही जंगल पहुंची तो पुलिस को देखते ही प्रदीप सिंह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।

उन्होंने आगे बताया कि प्रदीप सिंह भाकपा माओवादी के खूंखार नक्सली छोटू खरवार के दस्ते में काम करता था। वह बूढ़ा पहाड़ समेत लातेहार जिले में काफी सक्रिय रहा है। गिरफ्तारी से छोटू खरवार के दस्त समेत भाकपा माओवादी को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने आगे बताया कि प्रदीप सिंह चेरो मूल रूप से लातेहार के होने के कारण उसे आसपास के इलाकों की अच्छी जानकारी रहती थी। इसलिए वह दस्ता को हमेशा वही लीड करता था। उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है।

गिरफ्तार भाकपा माओवादी के सब जोनल कमांडर प्रदीप सिंह चेरो के ऊपर विभिन्न स्थानों में कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज है। इस दौरान उन्होंने कई बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है। वह बूढ़ा पहाड़ में भी सक्रिय रहा है। प्रदीप के ऊपर गारू थाना में आठ, बरेसाढ थाना में छह, महुआडांड़ में दो, पेशरार में तीन, मनिका, हेरहंज, लातेहार व छिपादोहार थाना में एक-एक मामला दर्ज है।