‘ब्लैकमेल के जाल में फंसी नाबालिग’:राँची से 17 वर्षीय लड़की लापता, 1 लाख नकद भी गायब…
-फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप; निजी यूनिवर्सिटी के छात्र पर अपहरण की आशंका, पुंदाग थाने में एफआईआर दर्ज
राँची। पुंदाग थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने एक युवक पर ब्लैकमेलिंग और अपहरण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, आर्यन नगर, कटहल मोड़ रोड निवासी नाबालिग 4 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे यह कहकर घर से निकली थी कि वह टेलर के पास कपड़े देने जा रही है। लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। रिश्तेदारों और सहेलियों के यहां तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच घर की तलाशी लेने पर परिजनों को पता चला कि घर में रखे करीब 1 लाख रुपये नकद भी गायब हैं। परिजनों का आरोप है कि विशाल कुमार नामक युवक, जो राँची के एक निजी यूनिवर्सिटी में बीसीए का छात्र है, पिछले कुछ समय से उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। वह उसकी निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। परिजनों को आशंका है कि डर और दबाव में आकर लड़की पैसे लेकर उससे मिलने गई होगी, जहां युवक ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। पुंदाग थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

