‘ठगी पर ठगी’: पहले गिफ्ट के जाल में फंसाया, फिर ‘पैसा दिलाने’ के नाम पर 3.5 लाख और ठगे–

–मैट्रिमोनियल से शुरू हुआ खेल, फर्जी कुरियर से वसूली; बाद में आईटी अफसर-वकील बनकर दूसरा गिरोह एक्टिव—फर्जी अकाउंट में 8.78 लाख दिखाकर रचा पूरा स्कैम..

राँची।राजधानी में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला डबल-फ्रॉड केस सामने आया है, जहां एक महिला पहले ‘गिफ्ट’ के झांसे में फंसी और फिर पैसे वापस दिलाने के नाम पर दूसरे गिरोह ने उसे और ठग लिया। पुंदाग की रहने वाली उमेश्वरी देवी से कुल करीब 3.5 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायत के मुताबिक, महिला का प्रोफाइल किसी तरह Sangam.com और Shaadi.com पर अपलोड हो गया था। इसी आधार पर खुद को लखनऊ का निवासी बताने वाले संजय प्रजापति ने व्हाट्सएप पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान उसने भरोसा जीतते हुए ‘होली गिफ्ट’ भेजने की बात कही और एक फर्जी कुरियर का स्क्रीनशॉट व ट्रैकिंग लिंक भेजा।

कुछ दिन बाद खुद को ब्राइटमाइल ग्लोबल कूरियर का एजेंट बताने वाले कॉलर ने पार्सल चार्ज के नाम पर पैसे मांगने शुरू किए। पहले 35 हजार, फिर 19 हजार रुपये और बाद में ‘विदेशी मुद्रा’ का हवाला देकर अलग-अलग शुल्क के नाम पर कुल 2.19 लाख रुपये वसूल लिए गए। इसके बाद कहानी ने नया मोड़ लिया। फेसबुक पर दिखे सेंट्रल ऑनलाइन फ्रॉड असिस्टेंस एडवाइजरी डिवीजन के विज्ञापन के जरिए महिला मदद लेने पहुंची, जहां उसे फर्जी वकील और कथित IT इंस्पेक्टर के संपर्क में लाया गया। इन लोगों ने ‘रिकवरी’ का भरोसा दिलाकर विजडम कैपिटल में 8.78 लाख रुपये का फर्जी बैलेंस दिखाया और निकासी के नाम पर 1.31 लाख रुपये ‘इनकम टैक्स’ जमा करा लिए।

आरोपियों ने बाद में 2.63 लाख रुपये और मांगे और भुगतान नहीं करने पर केस में फंसाने की धमकी दी। जब महिला ने पैसे देने से इंकार किया तो सभी ने संपर्क बंद कर दिया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और साइबर ठगों की पहचान में जुटी है।

error: Content is protected !!