Khunti:महिला से गैंगरेप,पुलिस ने तीनों आरोपी को किया गिरफ्तार..

खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले में एक आदिवासी महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह घटना जिले के सोयको थाना क्षेत्र की है।महिला की उम्र 35 साल बताया जा रहा है। इस संबंध में पीड़िता ने शुक्रवार को सोयको थाना में मामला दर्ज कराया है।यह घटना 31 जनवरी की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।थाना में दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई।जिसके बाद कोर्ट में 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता के घर में कुछ मेहमान आये थे।मेहमानों के लिए महिला हड़िया लेने के लिए घर से निकली थी।घर से कुछ दूरी पर महिला का एक पूर्व परिचित शख्स मिला। उसने महिला को अपने साथ चलने को कहा।जब महिला उसके साथ गयी तब कुछ दूरी पर एक सुनसान जगह पर युवक ने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया।बाद में महिला ने दुष्कर्म की घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।जिसके बाद शुक्रवार को महिला ने तीन युवकों के खिलाफ सामुहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया।मामला दर्ज होने के बाद सोयको थाना प्रभारी रितेश कुमार महतो के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी कर दुष्कर्म में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इधर एसपी अमन कुमार ने घटना के बारे में जानकारी दी कि सोयको थाना क्षेत्र की एक 35 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला शुक्रवार को दर्ज हुआ।जिसमें तीनों आरोपियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच और न्यायालय में 164 का बयान भी दर्ज कराया गया है।आगे की कार्रवाई जारी है।