#Breaking: पालकोट के पत्रकार देवगन सोनी का खूंटी से हुआ अपहरण, पुलिस ने सकुशल किया बरामद।

खूंटी, विकास साहू। पालकोट के पत्रकार देवगन सोनी को खूंटी के अंगराबाड़ी मंदिर के पास से रविवार को आधा दर्जन लोगों ने अगवा कर लिया। घटना के तुरंत बाद ही परिजनों ने इसकी सूचना खूंटी एसपी और मुरहू थाना को दे दी। अपहृत पत्रकार देवगन अपने वाहन का पूजा कराने सपरिवार अंगराबारी मन्दिर पहुंचा था। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस अपहृत पत्रकार देवगन सोनी को बरामद करने के लिए सक्रिय हो गई। खूंटी जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया। सभी थाना क्षेत्रों को और पड़ोसी जिले को अपहरण में प्रयोग किये गए वाहन का नंबर भी दे दिया गया, जिससे देवगन का अपहरण हुआ था। पुलिस द्वारा अपहर्ताओं का पीछा भी किया गया।

रिश्तेदार के प्रेम प्रसंग के कारण हुआ अपहरण!

परिजनों के अनुसार देवगन सोनी हाल में खरीदे गए वाहन की पूजा कराने रविवार को अंगराबाड़ी आये थे। यहां पांच से छह लोगों ने उनके साथ बहस की और अपने चारपहिया वाहन में बिठाकर वहां से चलते बने। इस अपहरण के पीछे कारण यह भी बताया जा रहा है कि अपहृत पत्रकार देवगन सोनी का साला रोहित कुमार लोहरदगा से एक लड़की को प्रेमिका बताकर चार दिन पहले पालकोट ले गया था। देवगन सोनी ने पहल करके लड़का-लड़की को पालकोट पुलिस के हवाले कर दिया था। कहा था कि कानून का मामला है इसलिए पुलिस के हवाले कर रहा हूं। लेकिन बाद में पालकोट पुलिस ने दोनों को थाना से छोड़ दिया। उसके बाद दोनों कहां गए इसका पता नहीं चला।

जांच में जुटी पुलिस

देवगन के साला की प्रेमिका के पिता देवेंद्र पांडेय और भाई अजय लोहरदगा के रहने वाले हैं। उन लोगों ने देवगन सोनी पर लड़की वापस करने का दबाव बनाया था। लकड़ी पक्ष को लगा था कि पत्रकार होने के नाते और पुलिस से जान-पहचान होने के कारण लड़का-लड़की को गायब कराया है। इसी संदेह में पत्रकार को अंगराबाड़ी से उठा लिया गया। अपहृत पत्रकार की पत्नी सीता सोनी और अन्य परिजनों ने देवगन सोनी के अपहरण किए जाने की पुष्टि की। जानकारी के अनुसार तोरपा थाना के पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की के पिता और भाई को हिरासत में ले लिया। अपहरण की घटना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपहरण करने वालों और अपहृत पत्रकार का मोबाइल ट्रेस कर लोकेशन पता की जो कि तोरपा लोकेशन था। अपहर्ताओं ने पत्रकार के साथ तोरपा आने की बात बतायी।

देवगन सोनी को तोरपा पुलिस और लोहरदगा पुलिस के सहयोग से सकुशल बरामद कर लिया गया। खबर लिखे जाने तक तोरपा पुलिस ने पत्रकार देवगन को ले कर तोरपा थाना पहुँच चुकी थी। इधर घटना की जानकारी मिलते ही गुमला जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष श्री शशिभूषण गुड्डू के नेतृत्व मे कई लोग तोरपा थाना पहुँचे।फिलहाल देवगन सोनी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस की ओर से अभी कोई बयान जारी नहीं किया गया।