कांग्रेस विधायक ममता देवी सहित 13 दोषियों को मिली पांच साल की सजा

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ जिले में गोला गोलीकांड की दोषी रामगढ़ विधायक ममता देवी सहित 13 अभियुक्तों को सजा सुनाई गई।विधायक ममता देवी को पांच साल की सजा सुनाई गई है।हजारीबाग के एमपी एमएलए कोर्ट में सजा का फैसला हुआ। फैसले के दौरान कोर्ट परिसर में गहमागहमी का माहौल देखने को मिला।सुबह से ही विधायक के समर्थक और परिजन कोर्ट पहुंचे थे और फैसले का इंतजार कर रहे थे।परिजन ममता देवी के दूधमुहे बच्चे के साथ कोर्ट पहुंचे थे।इसे देखकर सभी की आंखें नम हो रही थी।गोला गोलीकांड के आरोपी रामगढ़ से कांग्रेस विधायक ममता देवी को पांच साल की सजा सुनाई गयी है। हजारीबाग जिला जज चतुर्थ कुमार पवन की अदालत ने सजा सुनाई।विधायक समेत 13 लोगों को मिली 5 साल की सजा और 10 हजार का जुर्माना भी लगाया गया है।

बता दें गोला गोलीकांड में दोषी विधायक ममता देवी की सजा को लेकर सोमवार को सुनवाई होने वाली थी लेकिन, यह मंगलवार तक के लिए टल गई थी।बार एसोसिएशन हजारीबाग के अधिवक्ता असमंज विश्वास के निधन होने की वजह से सोमवार को सभी न्यायिक कार्य बाधित हो गए थे।इसी वजह से विधायक ममता देवी के मामले में सोमवार को सुनवाई नहीं हुई।

2016 में हुआ था यह चर्चित गोलीकांड

रामगढ़ के गोला में साल 2016 में गोली कांड हुआ था। रजरप्पा थाना में 79/2016 दर्ज हुआ था। उस मामले में 13 अभियुक्तों के खिलाफ चार्जशीट फाइल हुई थी। सभी 13 को कोर्ट ने 8 दिसंबर को दोषी करार दिया, जिसमें रामगढ़ विधायक ममता देवी भी शामिल हैं।।सभी पर आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 341 और 307 के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के दोषी करार दिया गया है। फिलहाल सभी दोषी सेंट्रल जेल हजारीबाग में हैं।

सुबह 11 बजे के करीब एमपी-एमएलए कोर्ट में रजरप्पा थाना कांड संख्या 79-2016 की सुनवाई को पंजीकृत किया गया। दोनों पक्ष के अधिवक्ता कोर्ट परिसर में पहुंचे।विधायक ममता देवी के पक्ष में वकील संसार जायसवाल कोर्ट कक्ष से जैसे परिसर की ओर रामगढ़ से आये समर्थक उनसे मिलने लगे।सभी को फैसले का इंतजार था। गोला के संतोष तिवारी, मंसु बेदिया, सुरेंद्र करमाली, हेमंत चौधरी, जालेश्वर महतो, प्रीतम झा, अमित जायसवाल, उमेश मेहता, विष्णु कुमार महता, शक्ति कुमार मुंडा अधिक्ता से बात करने के बाद पास के ही मैदान में सभी लोग बैठकर इंतजार करने लगे।सभी को जिज्ञासा थी कि ममता देवी को कोर्ट परिसर में कब लाया जायेगा। मिलने के लिए सभी लोग बेताब थे।वहीं, विधायक ममता देवी के पति बजरंग महतो ने कहा कि उनकी पत्नी रामगढ़ विधानसभा की जनता के लिए दूसरी बार जेल गयी है।

इधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव, 20 सूत्री जिला कमेटी के सदस्य साजिद हुसैन, मिथलेश दुबे, अवधेश सिंह समेत कई कांग्रेसी नेता व ममता देवी के समर्थक सुबह से पहुंच गये थे। हजारीबाग व्यवहार न्यायालय में सुबह से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी। प्रवेश द्वार पर सुरक्षा कर्मी पहले से लगे हुए थे।