Jharkhand:पति के साथ बाइक पर जा रही महिला बाइक से गिरी,कार ने कुचला हुई मौत,पति घायल

जमशेदपुर।सोनारी हवाई अड्डा मुख्य मार्ग पर कार की चपेट में आने से सोमवार की देर रात बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में दाखिल कराया। जहां महिला सुनीता देवी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में उसके पति सोमू सरकार का एक हाथ टूट गया। स्थानीय लोगों के अनुसार कार सवार दुर्घटना के बाद सोनारी कागलनगर की ओर भाग निकले। दंपती सोनारी स्थित खूंटाडीह के रहने वाले हैं। पति-पत्नी बाइक से कागलनगर की ओर से को-आपरेटिव कालेज की ओर जा रहे थे। इसी बीच हवाई अड्डा के पास मुख्य सड़क पर एक साइकिल सवार को बचाने में महिला के पति ने अचानक ब्रेक मारी, जिससे पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। पति भी बाइक समेत गिर गया। इस दौरान पीछे से आ रही कार ने महिला को चपेट में ले लिया। कार का अगला और पीछे का टायर महिला के ऊपर चढ़ गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सोनारी थाना की पुलिस कार की पहचान का प्रयास कर रही है। सोनारी थाना प्रभारी रेणु गुप्ता ने बताया की कार की तलाश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सड़क दुर्घटना में घायल आदित्यपुर सिचाई विभाग के कर्मचारी की मौत : सड़क दुर्घटना में घायल सोहन मार्डी की टाटा मुख्य अस्पताल में मौत हो गई। आदित्यपुर सुवर्णरेखा परियोजना के सिचाई विभाग में कार्यरत थे। रविवार को बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी वाहन से टकराने के कारण घायल हो गए थे।देर रात मौत हो गई।