Jharkhand:एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा दस्ते के साथ पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़,5 जवान घायल

राँची।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत टोंटो और गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सीमा गुरुवार को कोबरा 209 बटालियन और झारखण्ड पुलिस जवानों की नक्सलियों के साथ करीब एक घंटा तक दो बार हुई। मुठभेड़ में सैकड़ों राउंड गोलियां चली। इस दौरान पुलिस ने नक्सलियों के कई कैंप को ध्वस्त किया।वहीं, इस मुठभेड़ में पांच जवान घायल हो गये।सभी घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट से राँची लाया गया। सभी घायल जवान कोबरा 209 बटालियन के हैं।घायल पांच पुलिसकर्मियों के नाम सीटी/जीडी सुरज कुमार,सीटी/जीडी सुशील लकड़ा,सीटी/जीडी कृष्णानाथ बोखर,सीटी/जीडी बुद्धदेव किसान और सीटी/डॉग हेंडलर संदीप एम है।

मिली जानकारी के अनुसार, कोल्हान जंगल के टोंटो और गोइलकेरा के सीमा क्षेत्र में कोबरा बटालियन नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चला रही थी।जैसे ही कोबरा जवान एवं पुलिस बल लोवाबेड़ा और तिलायबेड़ा के पास पहुंची,नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होते ही कोबरा बटालियन और पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते फायरिंग शुरू कर दी।सबसे पहले सुबह करीब 8.30 बजे तिलायबेड़ा में मुठभेड़ हुई। इसके बाद अभियान चला रहे जवानों की करीब 11.30 बजे लोवाबेड़ा जंगल के पास नक्सलियों के साथ दोबारा मुठभेड़ हो गयी।इस दौरान कोबरा के पांच जवानों को गोली लगी है।सभी को बेहतर इलाज के एयरलिफ्ट कर राँची में भर्ती कराया गया।सभी जवान खतरे से बाहर बताये गये हैं। इस दौरान नक्सलियों को भी भारी नुकसान हुई है।पुलिस बल ने मुठभेड़ स्थल के पास लगे नक्सलियों के कैंप को भी ध्वस्त कर दिया है।

पश्चिमी सिंहभूम एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि घायल जवानों के मुताबिक नक्सलियों को भी काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दुगर्म क्षेत्र होने के कारण कठिनाईयों का सामना करते हुए पुलिस बल द्वारा बेहतर जवाबी कार्रवाई की गई है। अभियान देर शाम तक जारी था।

एक करोड के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हुई मुठभेड़

बताया जा रहा है कि,टोंटो और गोइलकेरा के जिस सीमा क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षाबल के बीच मुठभेड़ हुई है, वहां मौजूदा समय में एक करोड का इनामी माओवादियों के सैक सदस्य मिसिर बेसरा, 25 लाख का इनामी अजय दा और अलमोल दा का दस्ता रहा है।कयास लगाया जा रहा है कि इस दस्ते में 40 से भी ज्यादा नक्सली मौजूद थे।जानकारी के अनुसार,जिला पुलिस को कोल्हान रेंज में टोंटों और गोईलकेरा थाना के सीमावर्ती क्षेत्र में लोवाबेड़ा और तिलयबेड़ा गांव के समीप भाकपा (माओवादी) नक्सलियों के काफी संख्या में होने और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की सूचना मिली थी।इस सूचना के आधार पर एसपी ने कोबरा 209 बटालियन,झारखण्ड जगुआर की 205 बटालियन, सीआरपीएफ 60 बटालियन के टीमों की एक संयुक्त अभियान दल गठित किया। इस अभियान के तहत कोबरा, जगुआर बटालियन एवं सीआरपीएफ के सुरक्षा बलों ने सुबह करीब 8.15 बजे से 8.30 बजे के बीच पुलिस बल को देखते हुए नक्सलियों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग शुरू की दी। इस पर पुलिस बल द्वारा जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलीबारी की। इस जवाबी फायरिंग में पुलिस बल को भारी पड़ता देख माओवादी घने जंगल की ओर भाग खड़े हुए।

इसके बाद दोबारा सर्च अभियान शुरू किया गया, जिसमें करीब 11 बजे से 11.30 बजे के बीच नक्सलियों द्वारा पुलिस बल को निशाना बनाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस बल ने जवाबी कार्रवाई की।वहीं, पुलिस बल को भारी पड़ता देख नक्सली दोबारा क्षेत्र छोड़कर भाग खड़े हुए। एसपी श्री शेखर ने बताया कि दोनों ओर से करीब आधा घंटा तक फायरिंग होते रही, जिसमें तीन पुलिसकर्मी को गोली लगी है और दो जवान स्पलिंटर लगने से घायल हुए हैं। पुलिस बल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय राँची के सहयोग से हेलीकॉप्टर के माध्यम से तत्काल प्राथमिकी उपचार के बाद सभी जख्मी जवानों को बेहतर इलाज के लिये राँची ले जाया गया,जहां उनका इलाज चल रहा है।सभी घायल जवान सुरक्षित हैं।