Jharkhand:घर से कुछ ही दूरी पर कुएं से मिली माँ-बेटी की लाश

​​​​​​
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में सोमवार को एक महिला और उसकी 3 साल की बेटी का शव कुआं से मिलने पर सनसनी फैल गई। मामला छतरपुर थानाक्षेत्र का है।जहां बभंडी गांव के एक कुएं से मां-बेटी का शव बरामद हुआ है। महिला सुबह 4 बजे से अपनी बेटी के साथ घर से गायब थी। परिजनों ने उन्हें ढूंढ़ना शुरू किया तो कुएं से शव मिला। आशंका जाहिर की जा रही है कि महिला ने घरेलू विवाद में अपनी बेटी के साथ कुएं में कूद खुदकुशी कर ली है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

दोनों शव की पहचान बीरेन्द्र यादव की पत्नी चंचला देवी (28) और उसकी 3 साल की बेटी पिंकी के रूप में की गई। घर से 200 मीटर की दूरी पर स्थित कुएं से दोनों का शव मिला। मृतका के पति बीरेन्द्र के मुताबिक महिला की मानसिक स्थिति ठीक नही थीं। उसका इलाज चल रहा था। सुबह लगभग चार बजे शौच करने निकली थी। उसके साथ बेटी भी थी। पर इसके बाद वापस घर नहीं लौटी।

खोजबीन करने पर ग्रामीणों ने कुएं में शव होने की जानकारी दी। घटना की सूचना पर छतरपुर थाना प्रभारी शेखर कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पंहुचे और शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भिजवाया वहीं पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।