2013 के केसीसी ऋण घोटाले में जमशेदपुर से बैंक ऑफ इंडिया के दो कर्मचारी गिरफ्तार

जमशेदपुर/पोटका। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका के कालिकापुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में हुए किसान क्रेडिट कार्ड ऋण घोटाले के दो आरोपित बैंककर्मियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

जमशेदपुर के मानगो से हुई गिरफ्तारी

पोटका थाना प्रभारी अशोक राम के नेतृत्व में छापेमारी टीम ने जमशेदपुर के मानगो इलाके में छापेमारी कर असीम बनर्जी व चंद्रशेखर विश्वास को बुधवार रात गिरफ्तार किया। दोनों को जेल भेजा गया है।

जांच में बड़ा घोटाला सामने आया

थाना प्रभारी ने बताया कि 2013 में बैक ऑफ इंडिया की कालिकापुर शाखा में एक ही व्यक्ति के कई नामों से केसीसी लोन फर्जी तरीके से स्वीकृत कर बैंककर्मियों द्वारा राशि की बंदरबांट करने का मामला सामने आया था। मामले में असीम बनर्जी, चंद्रशेखर विश्वास, पीयूष क्रांति आस, पीटर प्रवल टोप्पो, अंशु गुप्ता, संजीत कुमार, सरदार, हजाम चरण टुडू, नगेन भगत, और कैलाश भगत पर पोटका थाना में मामला दर्ज किया गया था। जब इसकी जांच हुई तो बड़ा घोटाला सामने आया। इस मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक रविकांत चौधरी के बयान पर पोटका थाने में बैंक कर्मचारी असीम बनर्जी व चंद्रशेखर विश्वास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। छह वर्षों से दोनों आरोपित फरार चल रहे थे। बुधवार रात पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम में एएसआइ अभय शर्मा, विरेंद्र सिंह सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।