Jharkhand:बिहार की एसटीएफ टीम ने जमशेदपुर से एक अपराधी को देर रात गिरफ्तार किया,अपहरण और आर्म्स एक्ट में फरार था अपराधी.

जमशेदपुर।बिहार की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) पुलिस ने जमशेदपुर के बिरसानगर के लोयला बीएड कॉलेज के सामने एक अपार्टमेंट में शुक्रवार की देर रात छापेमारी कर फरार अपराधी किशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। किशन कुमार पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र के चिल्लौल का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस को उसकी तलाश अपहरण और आ‌र्म्स एक्ट के एक मामले में थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे लेकर बिहार के लिए रवाना हो गई। उसके खिलाफ नौबतपुर थाना में विगत आठ नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस की छापेमारी के बाद वह जमशेदपुर के बिरसानगर में फरारी काट रहा था। उसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी था। एसटीएफ पुलिस अपराधी तक उसकी मोबाइल के लोकेशन के आधार पर पहुंची। बिरसानगर थाना की पुलिस से संपर्क करने के बाद एसटीएफ टीम ने छापामारी कर अपराधी को गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसकी माँ ने जमशेदपुर मीडिया से संपर्क कर बताया कि उसके पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, लेकिन कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।