जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी बनेंगी मंत्री,तीन जुलाई को राजभवन के दरबार हॉल में लेंगी शपथ….

राँची।झारखण्ड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के बाद शिक्षा मंत्री और उत्पाद मंत्री का पद रिक्त हो गया था। इसके बाद से मंत्री पद के शपथ को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। अब इस कयास पर विराम लग गया है। स्व जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए सोमवार तीन जुलाई को दिन निर्धारित किया गया है। तीन जुलाई को दिन के 12.30 बजे के बाद राजभवन के दरबार हॉल में शपथ लेंगी।मुख्यमंत्री सचिवालय से इस बावत राजभवन पत्र भेज दिया गया है।

चेन्नई में इलाज के दौरान शिक्षा और उत्पाद मंत्री जगरनाथ महतो का निधन छह अप्रैल को हो गया था। जगरनाथ महतो डूमरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। उनके निधन के बाद 90 दिनों से डूमरी विधानसभा चुनाव और मंत्री पद के शपथ को लेकर कयास चल रहे थे। पहले जगरनाथ महतो के बेटे अखिलेश महतो के चुनाव लड़ने की बात सामने आ रही थी। लेकिन उम्र कम होने की वजह से कई तरह की अटकलें लगायी जा रही थी। अब तमाम अटकलों पर विराम लग गया है।

जगरनाथ महतो की पत्नी इससे पहले जून के दूसरे सप्ताह में जेएमएम सुप्रीमों शिबू सोरेन से मुलाकात की थी। सीएम हेमंत सोरेन से भी उन्होंने मुलाकात की थी। तमाम मुलाकातों में भी यह कहा जा रहा था कि अब डूमरी विधानसभा से चुनाव लड़ने को लेकर नाम तय कर लिया गया है। अब जब नाम फाइनल हो चुका है, तब अब लोगों की नजर चुनाव की तैयारियों पर है।

डूमरी विधानसभा में अजेय रहे हैं जगरनाथ

डूमरी विधानसभा में जगरनाथ महतो अजेय माने गये हैं। साल 2005 विधानचुनाव से पहले उन्होंने झामुमो का दामन थामा और पिछली हार (लालचंद महतो से हार गए थे) का बदला भी चुकता कर लिया। तब उन्होंने 18 हजार मतों के अंतर से जीत दर्ज की। इसके बाद वे गिरिडीह के डुमरी विधानसभा से लगातार 4 बार विधायक बने। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में अब तक सर्वाधिक वोट 34940 वोटों से जीत हासिल की।