IPS अफसर के घर में मचा हड़कंप, पत्नी ने फिनाइल पीकर जान देने की कोशिश की..अस्पताल में इलाज जारी..

 

पटना। राजधानी पटना में एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के परिवार से जुड़ी सनसनीखेज घटना ने पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित सरकारी आवास में आईपीएस अधिकारी की पत्नी ने कथित तौर पर फिनाइल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के वक्त अधिकारी स्वयं घर पर मौजूद नहीं थे। तबीयत बिगड़ने के बाद आवास पर तैनात पुलिस वाहन के चालक ने उन्हें आनन-फानन में आईजीआईएमएस पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दानापुर-सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

गुरुवार शाम अचानक बिगड़ी तबीयत, बेहोशी की हालत में पहुंचाया गया अस्पताल

जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित आवास में महिला ने कथित तौर पर फिनाइल पी लिया। इसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और वह बेहोशी की हालत में पहुंच गईं।स्थिति गंभीर होती देख आवास पर मौजूद पुलिस वाहन के चालक ने बिना देर किए उन्हें पुलिस वाहन से आईजीआईएमएस की इमरजेंसी में पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया। करीब दो घंटे तक आईजीआईएमएस में उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए दानापुर-सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल लेकर गए।

हाईप्रोफाइल मामला होने से अधिकारी चुप
घटना एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के परिवार से जुड़ी होने के कारण पुलिस महकमे में भी इसकी चर्चा तेज है। हालांकि, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल कैमरे के सामने बयान देने से बच रहे हैं। अस्पताल की ओर से भी अब तक कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन सार्वजनिक नहीं किया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक महिला की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

पारिवारिक विवाद की बात सामने आई, लेकिन असली वजह अब भी जांच के घेरे में

प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद को वजह बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आईपीएस अधिकारी और उनकी पत्नी के बीच पिछले कुछ वर्षों से पारिवारिक तनाव चल रहा था। हालांकि, फिनाइल पीने के तत्काल कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।सबसे गंभीर बात यह है कि महिला द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश किए जाने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पुलिस जांच में पारिवारिक परिस्थितियों और पूर्व की घटना को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कुछ माह पहले तक पटना में रहे हैं अधिकारी
रिपोर्टों के मुताबिक संबंधित आईपीएस अधिकारी पूर्व में पटना में पदस्थ रह चुके हैं और पटना सिटी एसपी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। फिलहाल वह बिहार के एक जिले में पुलिस की कमान संभाल रहे हैं। यही वजह है कि घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में इसे लेकर विशेष सतर्कता देखी जा रही है।

पुलिस जुटा रही घटना से जुड़े तथ्य
अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंचने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस परिवार के सदस्यों और घटना के समय आवास पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटा रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाने पर है कि महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और घटना से ठीक पहले घर में क्या हुआ था।फिलहाल पुलिस की ओर से घटना के पीछे किसी एक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। महिला के स्वास्थ्य में सुधार और उनके बयान के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!