दरोगा ने गर्भवती पत्नी को मारी 3 गोली,दरोगा गिरफ्तार, एसएसपी ने किया सस्पेंड…..

उत्तरप्रदेश के झांसी में बंगरा चौकी प्रभारी शशांक मिश्रा ने अपनी गर्भवती पत्नी को 3 गोली मारी। पत्नी शालिनी मिश्रा (28) के हाथ में 2 गोली और एक गोली पेट को छूते हुए निकल गई। पड़ोसी के घर छिपकर शालिनी ने खुद को बचाया। फिर पड़ोसियों ने दरोगा से पिस्टल छीनी। दरोगा को साथ लेकर पड़ोसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन दरोगा हॉस्पिटल के बाहर से भाग गया।करीब 9 घंटे बाद पुलिस ने दरोगा को हिरासत में लिया है। उसे सस्पेंड कर दिया गया है। पत्नी का कहना है कि शायद सर्विस पिस्टल से गोली मारी है। शशांक मिश्रा बंगरा पुलिस चौकी के पास ही किराए के घर में रहता है। घटना रविवार देर रात 11:45 बजे की है।

पड़ोसी के घर में छुपकर जान बचाई

पत्नी का कहना है कि दो साल पहले मूल रूप से बांदा के रहने वाले शशांक मिश्रा से उनकी शादी हुई। सास और ससुराल के लोग झांसी शहर में रहते हैं। जबकि वह पति के साथ बंगरा में किराए पर रहती हैं। रविवार दोपहर करीब 1 बजे पति अपनी माँ और भाई के पास झांसी शहर गए थे। वहां से रात 11.15 बजे घर लौटे तो उनके हाव-भाव बदले थे।आते ही वह मोबाइल चलाने लगे। मैंने उनको कहा कि मैं प्रेग्नेंट हूं। एक बार भी मेरा हाल-चाल नहीं पूछा और मोबाइल चलाने लगे। उनकी पीठ पर हाथ से थपकी मारी। इस पर ही गुस्सा गए। कहने लगे…तुमने मुझे मारा है। यह कहते हुए सामने रखी पिस्टल उठाई और दनादन फायर करने लगे। मुझे तीन गोली लगी। दो गोली हाथ में, एक पेट को छूते हुए निकल गई। इसके बाद मैंने पड़ोसी के घर में छुपकर अपनी जान बचाई।

पड़ोसी के घर छिपी तो दरोगा खुद को उड़ाने की धमकी देने लगा

शालिनी ने बताया कि पति ने पहली गोली चलाई तो उसने शू रैक को उसके पास गिरा दिया। फिर खुद को बचाते हुए कमरे में भागी। लेकिन, वह दनादन फायरिंग कर रहा था। इसी बीच उसे तीन गोली लगी। चिल्लाते हुए पड़ोसी का दरवाजा खटखटाया। पड़ोसी के घर छिपी तो दरोगा खुद को गोली से उड़ाने की धमकी देने लगा। फिर अंदर से पड़ोसी ने दरोगा को समझाया। इतने में मकान मालिक और अन्य पड़ोसी आ गए। दरोगा से पिस्टल छीनी। फिर सभी मेडिकल कॉलेज लेकर निकले।

पत्नी बोलीं-सासू माँ और देवर पति को उकसाते हैं

शालिनी मिश्रा ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा, “मेरी सास, देवर, ननद… ससुराल वाला कोई पसंद नहीं करता। जब भी ये घर से आते हैं, सासू माँ और देवर लोग भरे रहते हैं। मेरी सास, देवर और ननद ने इन्हें भरा है। दो साल भी शादी को अभी नहीं हुए। शादी होने के बाद से ही ससुराल वाले परेशान कर रहे हैं। शादी में हमारे घर वालों ने 25 लाख रुपए खर्चा किया। शायद उनकी मांग जितनी थी, वो पूरी नहीं हुई। हमारे पास रिकॉर्डिंग है। अंगूठी और दहेज के सामान की डिमांड की जाती रही है।”

इधर घटना का पता चलते ही शालिनी के मायके के लोग भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की बात कही। इस पर पुलिसकर्मियों का कहना था कि दरोगा शशांक से गलती से गोली चली है। मायके पक्ष के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो पुलिस ने जांच, तहरीर और पीड़िता के बयान के आधार पर कार्रवाई की बात कही।

वहीं,झांसी एसएसपी राजेश एस. का कहना है कि पत्नी को गोली मारने वाले आरोपी चौकी इंचार्ज शशांक मिश्रा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसको तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ranjan: