लिट्टी-मुर्गा नहीं मिला तो दुकानदार को मारी गोली,घायल दुकानदार की स्थिति गंभीर….

आरा।बिहार के भोजपुर में लिट्टी-मुर्गा नहीं मिलने पर अपराधियों ने होटल संचालक अनिल साह (45) को गोली मार दी। गोली दाईं ओर पेट में लगी है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बाइक सवार हथियारबंद अपराधी हथियार लहराते आरा की ओर भाग निकले।घटना की सूचना मिलते ही चरपोखरी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद जख्मी होटल संचालक को इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इसके बाद पुलिस अपराधियों की पहचान और मामले की छानबीन में जुट गई है।

अनिल साह कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के केवटिया गांव निवासी ननकू साह के बेटे हैं। वह पेशे से होटल संचालक हैं। चरपोखरी ब्लॉक के गेट के सामने लिट्टी-मुर्गा का होटल चलाते हैं। घायल अनिल साह ने बताया कि रविवार की रात वह दुकान बंद ही कर रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार दो हथियारबंद बदमाश वहां आ धमके और उनसे खाने के लिए लिट्टी–मुर्गा मांगने लगे। जब उन्होंने कहा कि लिट्टी नहीं है, खत्म हो गया है। इसी बात पर गोली मार दी।

वहीं इस मामले में एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि रविवार की रात चरपोखरी थाना अंतर्गत चरपोखरी बाजार पर सोनू लिट्टी दुकान के संचालक अनिल साह को बाइक सवार दो अपराधियों द्वारा लिट्टी मांगने के दौरान कहासुनी हुई। इसके बाद अपराधियों ने अनिल साह को कमर के ऊपर गोली मार दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और जख्मी को इलाज के लिए आरा शहर स्थित अस्पताल पहुंचाया।उन्होंने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पीरो के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर अभियुक्तों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल आसपास के थानाें को अलर्ट कर दिया गया है।

अनिल साह का इलाज कर रहे सर्जन डॉक्टर विकास सिंह ने बताया कि गोली से जख्मी 45 वर्षीय व्यक्ति को लाया गया गए हैं। उन्हें दाहिने साइड पेट में गोली लगी है, जो लीवर को टच कर गई है। गोली लगने से काफी खून बह गया है। तत्काल दो यूनिट ब्लड का इंतजाम कर उन्हें चढ़ाया गया है। उनका बीपी और पल्स भी काफी लो है। आगे का इलाज किया जा रहा है। हालांकि मरीज की स्थिति काफी गंभीर है।रेफर भी किया जा सकता है।