#Jharkhand:जंगल में पेड़ पर बने फंदे से लटकी मिली लड़की की लाश,तीन दिन पहले जीजा के घर जाने की बात कह निकली थी

​लातेहार।बरवाडीह थाना क्षेत्र के उकामाड़ पंचायत के बेतला के करमाटांड़ जंगल में रविवार को पेड़ पर बने फंदे से लड़की की लटकी लाश बरामद की गई। उसके पैर में कटे का निशान है। लड़की की मामी के अनुसार, गुरुवार की शाम वो मुरू गांव अपने जीजा के घर जाने की बात कह घर से निकली थी। इसके बाद से उसकी कोई जानकारी नहीं थी। आज सुबह शव मिलने की बात सामने आई। घटना की सूचना के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर और पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को शव सौंप दिया।और मामले की जांच में जुट गई है।

डेढ़ साल से मामा के घर रह रही थी लड़की

मृतक की पहचान मंगरा पंचायत के अमडीहा निवासी अघनु सिंह की बेटी सोनी कुमारी (20) के रूप में की गई। सोनी लगभग डेढ़ साल से उकामाड़ पंचायत के उकामाड़ गांव में अपने मामा के घर पर रह रही थी। मृतक की मामी बासमती देवी ने बताया कि सोनी की शादी की बात चल रही थी। लातेहार लड़के से मिलने जाना था पर सोनी ने शादी करने से मना कर दिया था।

पिता की दिमागी हालत ठीक नहीं

सोनी बरवाडीह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ती थी लेकिन किसी कारण 9वीं क्लास में पढ़ाई छोड़कर मामा के यहां चली आई। लड़की के पिता की दिमागी हालत ठीक नहीं है। मां का पहले ही देहांत हो चुका है। लड़की बचपन से अपनी बुआ के घर में रहती थी। उसके फुफेरे भाई राजकुमार सिंह ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सोनी की 6वीं क्लास में नामांकन करवा दिया। तब से वो स्कूल के हॉस्टल में रहने लगी, फिर 9वीं क्लास में पढ़ाई छोड़ कर अपने मामा के घर चली आई।

इधर, बरवाडीह थाना प्रभारी प्रदीप वर्मा ने कहा कि लड़की ने आत्महत्या की है या ये हत्या है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से जांच-पड़ताल कर रही है।