झारखण्ड:नशे में धुत भतीजे ने चाचा पर ताबड़तोड़ गोली चला दी,चाचा की मौत,आरोपी फरार

चतरा।चतरा सदर थाना क्षेत्र के बरैनी गांव में शनिवार की रात में शराब के नशे में धुत लल्लू साव ने अपने ही चाचा बालेश्वर साव पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। इसमें बालेश्वर साव गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। मौत की पुष्टि रिम्स के डॉक्टर ने की।

डॉक्टरों ने बताया कि बालेश्वर को तीन गोलियां लगी हैं। दो गोलियां पेट व एक कंधे पर लगी है। इधर घटना की जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। यहां पूछताछ के बाद फरार भतीजे लल्लू साव की तलाश में जुट गई।

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बताया कि जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बताया गया की दोनों चाचा-भतीजे श्राद्धकर्म में भाग लेने के लिए अपने पड़ोस के यहां गए हुए थे। तभी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया और भतीजे ने पिस्टल से तीन गोलियां चला दी। इसमें चाचा जख्मी हो गया।