बिष्णुगढ़:संत शिरोमणि नरहरि जी महाराज की जयंती मनाई गई,स्वर्णकार समाज में बढ़े महिलाओं का प्रतिनिधित्वः स्वामी दिव्यानंद

हजारीबाग/विष्णुगढ़।अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान द्वारा शनिवार को चैती दुर्गा मंदिर प्रांगण में संत शिरोमणि नरहरि जी महाराज की जयंती समारोह आयोजित कर मनाई गई। समारोह की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष शंकर सोनी व संचालन मधुसूदन प्रसाद ने किया। समारोह की शुरूआत दीप प्रज्जवलन के पश्चात संत शिरोमणि नरहरि जी महाराज के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया।

मुख्य अतिथि स्वामी दिव्यानंद उर्फ डॉ सुनील बर्मन ने कहा कि स्वर्णकार समाज का गौरवमयी इतिहास है। बदलते परिपेक्ष्य के मद्देनजर समाज में महिलाओं का प्रतिनिधित्व आवश्यक है। समाज में मतभेद हो पर मनभेद न हो। हमें अपनी महत्ता को पहचानने की आवश्यकता है। उन्होंने समाज में दहेज के लेनदेन व नशापान की प्रवृति को त्यागने की शपथ दिलाई। संस्थान के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी गौतम बर्मन ने कहा कि स्वर्णकार समाज को राजनीतिक रूप से भी भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके लिए एकजुटता आवश्यक है। समाज के विकास के लिए उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

समारोह में राष्ट्रीय महासचिव रामेश्वर वर्मा, राष्ट्रीय युवा सचिव अनमोल वर्मा, डीटीओ विजय प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष रमेश बर्मन, राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष संदीप कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रसाद सोनी, जिला युवा अध्यक्ष मिथिलेश कुमार बर्मन, जिला युवा उपाध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा, प्रखंड अध्यक्ष शंकर सोनी, मिश्रीलाल बर्मन विशेश्वर स्वर्णकार समेत कई अतिथियों ने भी सामाजिक एकता को मजबूत करने की बात कही।

इसके पूर्व चैती दुर्गा मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें काफी संख्या में महिला पुरुष शामिल हुए। समारोह में कई लोगों को सम्मानित किया गया। मंच संचालन मधुसूदन बर्मन, ने किया।और धन्यवाद ज्ञापन अवदेश बर्मन ने किया।