जमीन विवाद में पति-पत्नी की धारदार हथियार से मारकर हत्या,बेटे ने भागकर जान बचाई,जांच में जुटी है पुलिस

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के डालागुटु गांव में जमीन विवाद में एक दंपती की बेरहमी हत्या कर दी गई है।यह घटना शुक्रवार की रात का बताया जा रहा है। मृतक डालागुटु निवासी मुकरू बिरुवा 58 वर्ष और उसकी पत्नी मुतरी बिरूवा 50 वर्ष है। बताया जा रहा है कि दोनों आंगन में बैठकर बाजार से बेटे के लौटने का इंतजार कर रहे थे।उसी दौरान आरोपियों ने पति-पत्नी की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार,दंपती की हत्या करने से पहले आरोपियों ने कोचडा बाजार से धनिया पत्ती बेचकर लौट रहे उनके पुत्र को रास्ते में मारना चाहा,लेकिन वह उनके चंगुल से छूटकर भाग निकला।

इधर घटना की सूचना शनिवार की सुबह मिलने पर टोंटो थाना पुलिस घटनास्थल पहुंचीं,जहां दोनों पति-पत्नी की शव अगल-बगल पड़ा हुआ था।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।वहीं पूछताछ में पता चला कि दंपती का जमीन विवाद चल रहा था।आरोपी दंपती की जमीन हथियाना चाहते थे। मृतक दंपती की दो पुत्रियां व एक पुत्र है।दोनों पुत्रियों का विवाह हो चुका है।

घटना को लेकर मृतक के छोटा भाई द्वारा टोंटो थाना में दो आरोपियों सूबेदार बिरूवा व बुधराम बिरूवा के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी है।थाना प्रभारी सागेन मुर्मू ने कहा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।