पति-पत्नी के आपसी विवाद में पति ने गुस्से में पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला,पत्नी के हत्यारे पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार…

गुमला।झारखण्ड के गुमला जिले में बिशुनपुर थाना क्षेत्र में भीतर सेरका गांव में महिला रंथी देवी (35) की उसके ही पति दिलेश्वर खेरवार ने कुल्हाड़ी से काट कर निर्मम हत्या कर दी। बिशुनपुर पुलिस ने आरोपी को घर से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की दोपहर दो बजे के आसपास दिलेश्वर घर पहुंचा। पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक होने लगी। इसके बाद अचानक दिलेश्वर घर में रखी लकड़ी काटने वाली कुल्हाड़ी से पत्नी रंथी देवी की गर्दन पर वार कर दिया।इसमें महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद बिशुनपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। थाना प्रभारी कुंदन कुमार सिंह ने बताया भीतर गांव में पति और पत्नी के बीच आपसी झगड़ा हुआ था। इसके बाद पति ने महिला की गर्दन काटकर हत्या कर दी। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।